विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 29, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

नक्सलियों ने उड़ाई रेल पटरी, बाल-बाल बची देहरादून एक्सप्रेस

By Sachin MishraEdited By:
Published: Mon, 29 May 2017 09:32 AM (IST)Updated: Mon, 29 May 2017 04:48 PM (IST)

धनबाद रेलवे डिवीजन के चिचकी और कररबंद रेलवे स्टेशनों के बीच नक्सलियों ने रेलवे पटरी उड़ा दी।

नक्सलियों ने उड़ाई रेल पटरी, बाल-बाल बची देहरादून एक्सप्रेस
नक्सलियों ने उड़ाई रेल पटरी, बाल-बाल बची देहरादून एक्सप्रेस

जेएनएन, रांची। नक्सलियों ने झारखंड के गिरिडीह जिले में रविवार रात जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान नक्सलियों ने रेल पटरी उड़ा दी। नक्सलियों ने 23 से 29 मई तक धनबाद, झारखंड और मुगलसराय मंडल के नक्सल क्षेत्र में बंद की घोषणा की थी।

इसके तहत माओवादियों ने रात लगभग 12:40 बजे हजारीबाग रोड रेलवे स्टेशन के समीप चिचाकी व कर्माबांध हॉल्ट के बीच रेलपटरी उड़ा दी। इसकी तत्काल सूचना ट्रैकमैन ने वरीय अधिकारियों को दे दी। सूचना मिलते ही ट्रेनों को जहां-तहां रोक दिया गया। इस घटना के पांच मिनट पूर्व देहरादून-हावड़़ा एक्सप्रेस इस लाइन से गुजरी थी।

यह संयोग ही था कि यदि विस्फोट पांच मिनट पहले हुआ होता तो देहरादून एक्सप्रेस इसकी चपेट में आ जाती। विस्फोट की सूचना पर पुलिस अधीक्षक अखिलेश बी वारियर जिला पुलिस व रेल पुलिस के अधिकारियों संग घटनास्थल पहुंचे। जांच में पाया गया कि लगभग 87 सेंटीमीटर पटरी को किसी भारी विस्फोटक से उड़ा दिया गया था। सोमवार सुबह करीब आठ बजे तक पटरी को ठीक कर लिया गया। लगभग आठ घंटे बाद 8:12 बजे लाइट इंजन को पास कराया गया।

वहीं, गिरिडीह के बिरनी में 50-60 की संख्या में माओवादियों ने गारागुरो में बराकर नदी पर पुल निर्माण कार्य में लगे मजदूरों व मुंशी को बंधक बना पोकलेन व पंप सेट को जला दिया। कहां-कहां रोकी गई ट्रेनें : 2308 डाउन जोधपुर-हावड़़ा एक्सप्रेस कोडरमा स्टेशन पर खड़ी रही। हावड़ा-कालका मेल डाउन हजारीबाग रोड स्टेशन और हावड़ा -कालका मेल अप पारसनाथ स्टेशन, 8624 अप हटिया-पटना एक्सप्रेस चौधरीबांध, अप देहरादून एक्सप्रेस व हावड़ा-मुम्बई मेल को धनबाद में रोक दिया गया। इसी तरह भुनेश्वर राजधानी, हावड़ा राजधानी व हटिया राजधानी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें गया व अन्य स्टेशनों पर खड़ी रहीं।

वहीं, इस घटना के बाद धनबाद व मुगलसराय मंडल में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। मौके पर धनबाद डीआरएम, आरपीएफ कमांडेंट दल बल के साथ पहुंचे। जांच के दौरान अधिकारियों को यहां नक्सलियों द्वारा अपनी मांगों से संबंधित पोस्टर लगे मिले। इसे देखते हुए तीनों मंडलों में अलर्ट घोषित किया गया। सुरक्षा एजेंसियों की सूचना पर उक्त मंडल के नक्सल क्षेत्रों में पायलट इंजन से ट्रेनें गुजारी जा रही थीं। वहीं स्टेशन व आसपास सुरक्षा भी बढ़ाई गई थी लेकिन विरोध सप्ताह के समाप्त होने से पूर्व ही नक्सलियों ने धनबाद मंडल के चिचाकी व कर्माबांध स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक को बम से उड़ा दिया।

24 मई को पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद मंडल अंतर्गत दूमरी बिहार और दनिया रेलवे स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक पर 37 बम मिले थे। इसके पहले बीते दिनों में नक्सलियों ने रात में दूमरी स्टेशन को आग के हवाले कर दिया था। वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त रमेश चंद के मुताबिक धनबाद मंडल की घटना को देखते हुए मुगलसराय मंडल में भी बेहद कड़ी सुरक्षा बरती जा रही है। हालांकि नक्सलियों का बंद 29 मई तक ही था फिर भी सुरक्षा एजेंसियां अपने स्तर से जांच आदि का काम आगे भी करती रहेंगी।
 

 Jharkhand: Maoists blew up railway tracks between Chichaki and Karmabandh railway stations under Dhanbad railway division. pic.twitter.com/1aQu9G4rZC