Jharkhand : एक पुरुष के साथ इनामी नक्सली सुनीता गिरफ्तार; पकड़ा गया व्यक्ति उसका पति या कोई और, जानें
दो लाख रुपये की इनामी नक्सली सुनीता उर्फ कौशल्या को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथ एक पुरुष भी गिरफ्तार हुआ है। हालांकि वह कौन है इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।
धनबाद, जेएनएन। सीआरपीएफ एवं जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर गुरुवार को दो लाख रुपये की इनामी नक्सली सुनीता उर्फ कौशल्या उर्फ रमा को गिरिडीह जिले के खुखरा थाना अंतर्गत गम्हरा से गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथ एक पुरुष भी पकड़ाया है। पकड़ा गया व्यक्ति उसका पति व हार्डकोर नक्सली संतोष महतो है या कोई और, यह अभी पता नहीं चल सका है। सुनीता बोकारो जिले के चतरोचट्टी थाना अंतर्गत चेतखरना गांव की रहने वाली है। प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी की एरिया कमेटी की वह सदस्य है।
सुनीता हार्डकोर माओवादी व 15 लाख रुपये के इनामी संजय महतो उर्फ संतोष महतो उर्फ वासुदेव महतो उर्फ बासुको महतो की पत्नी है। संजय खुखरा थाना क्षेत्र के गम्हरा गांव का रहने वाला है। वह भाकपा माओवादी रीजनल कमेटी का सदस्य है। सुनीता की गिरफ्तारी के बारे में दोपहर दो बजे एसपी अमित रेणु मीडिया को जानकारी देंगे। फिलहाल पुलिस कुछ भी बताने से इंकार कर रही है।