विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नवरात्र में विंध्याचल जाना हुआ आसान, पुरुषोत्तम समेत धनबाद होकर गुजरने वाली 10 जोड़ी ट्रेनों को मिला स्टॉपेज

Published: Mon, 12 Oct 2026 07:00 AM (GMT+05:30)

रेलवे ने शारदीय नवरात्र के लिए विंध्याचल धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा दी है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. शारदीय नवरात्र के लिए विंध्याचल धाम जाने वाले यात्रियों को सुविधा।

  2. धनबाद से गुजरने वाली 10 जोड़ी ट्रेनों को अस्थायी ठहराव।

  3. पुरुषोत्तम एक्सप्रेस भी विंध्याचल स्टेशन पर दो मिनट रुकेगी।

जागरण संवाददाता, धनबाद। शारदीय नवरात्र के अवसर पर प्रसिद्ध शक्तिपीठ विंध्याचल धाम जाने वाले धनबाद और आसपास के श्रद्धालुओं को पूजा पर सौगात दी है।

रेलवे प्रशासन ने नवरात्र मेले में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और सुविधा को देखते हुए धनबाद रेल मंडल होकर गुजरने वाली कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का विंध्याचल स्टेशन पर दो मिनट के लिए अस्थायी ठहराव देने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था 11 अक्टूबर से 26 अक्टूबर तक लागू रहेगी।

धनबाद के यात्रियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इस सूची में धनबाद होकर चलने वाली 12801/12802 पुरी-आनंद विहार-पुरी पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, 12307/12308 हावड़ा-जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस और 22307/22308 हावड़ा-बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस शामिल हैं।

इस निर्णय से धनबाद और आसपास के जिलों के उन श्रद्धालुओं को सीधी सहूलियत मिलेगी जो नवरात्र के दौरान माता विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए जाने की योजना बना रहे हैं।

पुरुषोत्तम एक्सप्रेस का भी ठहराव

समय सारिणी के अनुसार, पुरी से धनबाद होकर आनंद विहार जाने वाली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस शाम 18:15 बजे और आनंद विहार से धनबाद की ओर आने वाली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस सुबह 07:56 बजे विंध्याचल पहुंचेगी।

वहीं, हावड़ा से धनबाद होकर जोधपुर/बीकानेर जाने वाली ट्रेनें दोपहर 11:03 बजे और वापसी में शाम 16:35 बजे विंध्याचल स्टेशन पर रुकते हुए आगे के लिए रवाना होंगी।

इसके अलावा हाजीपुर पूर्व मध्य रेल अंतर्गत पाटलिपुत्र-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, दानापुर-बेंगलुरु संघमित्रा एक्सप्रेस, जोगबनी-आनंद विहार सीमांचल एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक-गुवाहाटी एक्सप्रेस, भागलपुर-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस तथा दिल्ली-कामाख्या ब्रह्मपुत्र मेल जैसी कुल 10 जोड़ी (20 ट्रेनें) ट्रेनों को भी विंध्याचल स्टेशन पर दो मिनट का ठहराव दिया गया है।

रेलवे के इस कदम से धनबाद के यात्रियों को विंध्याचल यात्रा के लिए सीधी और सुगम रेल सुविधा उपलब्ध होगी।

यह भी पढ़ें- जानकी एक्सप्रेस में बढ़ा थ्री-एसी कोच, कटिहार से भागलपुर-सबौर के बीच चलेंगी 2 पूजा स्पेशल ट्रेनें