विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जानकी एक्सप्रेस में बढ़ा थ्री-एसी कोच, कटिहार से भागलपुर-सबौर के बीच चलेंगी 2 पूजा स्पेशल ट्रेनें

Published: Sun, 11 Oct 2026 06:39 PM (IST)

रेलवे ने दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व के लिए यात्रियों की सुविधा हेतु महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. जयनगर-मनिहारी एक्सप्रेस में अतिरिक्त थ्री एसी कोच जोड़ा गया।

  2. कटिहार-भागलपुर के बीच प्रतिदिन पूजा स्पेशल ट्रेन चलेगी।

  3. कटिहार-सबौर के बीच सप्ताह में तीन दिन ट्रेन चलेगी।

संवाद सहयोगी, कटिहार। दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान रेल यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

जयनगर-मनिहारी जानकी एक्सप्रेस में तीन महीने के लिए एक अतिरिक्त थ्री एसी कोच जोड़ा गया है। इसके अलावा कटिहार-भागलपुर और कटिहार-सबौर के बीच दो पूजा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू किया गया है। रेलवे की इस पहल से कोसी-सीमांचल क्षेत्र के यात्रियों को त्योहारों के दौरान आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।

11 जनवरी 2027 तक जुड़ा रहेगा अतिरिक्त कोच

जयनगर-मनिहारी जानकी एक्सप्रेस की ट्रेन संख्या 15284 और 15283 में 11 अक्टूबर से 11 जनवरी 2027 तक एक अतिरिक्त थ्री एसी कोच लगाया गया है।

इसके बाद यह ट्रेन कुल 21 कोचों के साथ परिचालित होगी। अतिरिक्त कोच जुड़ने से यात्रियों को आरक्षित सीटों की उपलब्धता में मदद मिलेगी और त्योहारों के दौरान बढ़ते यात्री दबाव को कम करने में सहूलियत होगी।

कटिहार-भागलपुर के बीच प्रतिदिन पूजा स्पेशल

कटिहार और भागलपुर के बीच पूजा स्पेशल का प्रतिदिन परिचालन किया जा रहा है। ट्रेन भागलपुर से शाम पांच बजे खुलकर रात 9:40 बजे कटिहार पहुंचेगी।

वहीं, ट्रेन कटिहार से सुबह 6:30 बजे प्रस्थान कर दोपहर 12:05 बजे भागलपुर पहुंचेगी। इस पूजा स्पेशल ट्रेन का परिचालन एक दिसंबर तक निर्धारित है।

कटिहार-सबौर के बीच सप्ताह में तीन दिन चलेगी ट्रेन

इसके अतिरिक्त कटिहार-सबौर के बीच ट्रेन पूजा स्पेशल का परिचालन सप्ताह में तीन दिन किया जाएगा। यह ट्रेन कटिहार, कुरसेला, नवगछिया, खगड़िया, मुंगेर, सुल्तानगंज और भागलपुर सहित प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी।

इन विशेष ट्रेनों के परिचालन से यात्रियों को त्योहारों के दौरान यात्रा के अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे और नियमित ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें- आपके लिए रेल की जरूरी खबर: दक्षिण पूर्व रेलवे ने टाटानगर और खड़गपुर समेत कई रूटों की ट्रेनें कीं रद, कई के मार्ग बदले

त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं। रेलवे की प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ उनकी यात्रा को सुविधाजनक और सुगम बनाना है।

-

अनूप कुमार सिंह, सीनियर डीसीएम सह पीआरओ रेल मंडल कटिहार।