राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करने को धनबाद स्टेशन पर लहराया 100 फुट ऊंचा राष्ट्रध्वज
राष्ट्रप्रेम की भावना जन-जन में भरने के लिए रेलवे बोर्ड के आदेश पर देशभर के सभी ए-वन श्रेणी के स्टेशनों पर 100 फुट ऊंचा राष्ट्र ध्वज लगाया जा रहा है।
धनबाद, जेएनएन। ए-वन श्रेणी के रेलवे स्टेशनों में शुमार धनबाद के शान में 100 फुट ऊंचा तिरंगा यानी राष्ट्रीय ध्वज चार चांद लगाएगा। शनिवार को इसका ध्वजारोहण धनबाद के सांसद पशुपति नाथ सिंह , मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल व डीआरएम अनिल कुमार मिश्रा ने किया।
राष्ट्रप्रेम की भावना जन-जन में भरने के लिए रेलवे बोर्ड के आदेश पर देशभर के सभी ए-वन श्रेणी के स्टेशनों पर 100 फुट ऊंचा राष्ट्र ध्वज लगाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को भी धनबाद स्टेशन के सामने ऊंचे टावर पर राष्ट ध्वज लगाया गया। यह दिन-रात चौबीस घंटे लहराता रहेगा। इसके साथ ही धनबाद झारखंड और बिहार का सबसे ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज लहराने वाला पहला स्टेशन बन गया। इस मौके पर सांसद सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज लोगों में राष्ट्र प्रेम की भावना जागृत करेगा।
दुधिया रोशनी की रहेगी व्यवस्था: यात्रियों में देश प्रेम की भावना जागृत करने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है। दिन के साथ-साथ रात में भी राष्ट्रीय ध्वज शान से लहराए और यात्री उसे देख सके, इसके लिए प्रकाश व्यवस्था भी की गई है।