ड्यूटी देने के लिए महिला पुलिसकमियों को रात में बुलाता मुंशी, एसएसपी ने दिया जांच का आदेश Dhanbad News
तीन मई की देर शाम शैलेश सिंह महिला सिपाहियों को बुलाकर ड्यूटी बांट रहे थे। इस दौरान महिला सिपाहियों ने कहा कि ड्यूटी देने के लिए उन्हें रात में ना बुलाया जाए।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद पुलिस लाइन के मुंशी शैलेश सिंह पर महिला सिपाहियों ने बदतमीजी, अभद्रता और अश्लील टिप्पणी करने का आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर एसएसपी अखिलेश वारियर से शिकायत की गई थी। शिकायत पर एसएसपी ने पुलिस लाइन सार्जेंट को पूरे मामले की जांच करने का आदेश दिया है।
तीन मई की देर शाम शैलेश सिंह महिला सिपाहियों को बुलाकर ड्यूटी बांट रहे थे। इस दौरान महिला सिपाहियों ने कहा कि ड्यूटी देने के लिए उन्हें रात में ना बुलाया जाए। उन्हें घर में काम होता है और बच्चों को संभालना पड़ता है। दिन भर ड्यूटी के कारण वह घर से बाहर रहती हैं। इसी बात पर मुंशी शैलेश सिंह भड़क गए। इन महिला जवानों का आरोप है कि शैलेश सिंह ने बहुत ही गलत तरीके से उनके साथ व्यवहार किया। अभद्र शब्द बोले गए, बदतमीजी की गई और अश्लील टिप्पणी भी की गई। इस घटना से खफा महिला सिपाहियों ने मामले की जानकारी एसएसपी को दी। एसएसपी ने शनिवार को घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।