मटकुरिया फ्लाईओवर के प्रभावितों को बसाएगा नगर निगम
मटकुरिया से पांडरपाला होते हुए बिनोद बिहारी चौक तक प्रस्तावित फ्लाईओवर को लेकर हाल ही में फील्ड सर्वे किया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) भी इसको लेकर गंभीर है।
धनबाद : मटकुरिया से पांडरपाला होते हुए बिनोद बिहारी चौक तक प्रस्तावित फ्लाईओवर को लेकर हाल ही में फील्ड सर्वे किया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) भी इसको लेकर गंभीर है। प्रभावितों की सूची तैयार की जा रही है। इसकी जिम्मेवारी धनबाद अंचल कार्यालय, धनबाद नगर निगम तथा आरसीडी हो दी गई है। इस निर्माण से प्रभावित होनेवाले लोगों को बसाने का काम नगर निगम करेगा।
इस काम में तेजी लाने के लिए मंगलवार को नगर विकास विभाग ने वीडियो कांफ्रेंसिग के जरिए नगर आयुक्त सत्येंद्र कुमार के साथ चर्चा की। नगर आयुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि वासेपुर में एक एकड़ जमीन चिह्नित की गई है, जहां प्रभावितों को बसाया जा सकता है। वर्टिकल तीन के तहत यहां किफायती आवास बनाया जाएगा। एक आवास पर लगभग सात लाख रुपये खर्च होगा। इसमें ढाई लाख रुपये की सब्सिडी मिलेगी, शेष राशि लाभुक को देनी होगी। यह लगभग साढ़े चार लाख रुपये है। नगर आयुक्त ने यह भी बताया कि एक एकड़ में लगभग 200 फ्लैट बनेंगे। नगर विकास विभाग ने प्रभावितों की सूची देने की बात कही। ऐसा होगा किफायती आवास
- जी प्लस थ्री अपार्टमेंट, वन बीएचके फ्लैट।
- 300 से 320 वर्गफीट के क्षेत्रफल।
- सात लाख एक फ्लैट की लागत।
- लाभुकों को 4.58 लाख रुपये देना होगा, शेष 2.5 लाख पीएम आवास के तहत मिलेगा।
- रजिस्ट्रेशन होने के बाद बुकिग के समय एकमुश्त 25000 रुपये देना होगा।
- बुकिग के बाद 18 माह में चार किश्तों में पूरी राशि का करना होगा भुगतान।