धनबाद के निरसा में वार्ड सदस्य के पति की कुल्हाड़ी मारकर हत्या, इलाके में सनसनी
Dhanbad News: धनबाद के निरसा थाना क्षेत्र स्थित साहेबगंज बस्ती में वार्ड सदस्य सोनामुनी मरांडी के पति रूपलाल मरांडी की मंगलवार सुबह अज्ञात हमलावर ने कुल्हाड़ी से हत्या कर दी।

पोस्टमार्टम के लिए शव को वाहन में रखवाती पुलिस। (फोटो जागरण)
HighLights
वार्ड सदस्य के पति रूपलाल मरांडी की हत्या।
अज्ञात हमलावर ने कुल्हाड़ी से हमला कर मारा।
निरसा पुलिस जांच में जुटी, हत्या का कारण अज्ञात।
संवाद सूत्र, मुगमा (धनबाद)। निरसा थाना क्षेत्र की भुरकुंडा पंचायत के साहेबगंज बस्ती में मंगलवार की अल सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। वार्ड सदस्य सोनामुनी मरांडी के पति रूपलाल मरांडी की अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही निरसा थाना पुलिस मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हमलावर की तलाश में जुट गई है।
स्वजनों ने बताया कि सुबह में चूल्हा जलाने के लिए रूपलाल मरांडी घर के बाहर कुल्हाड़ी से लकड़ी काट रहा था। इसी दौरान पूर्व से घात लगाकर बैठे हमलावर ने उसी की कुल्हाड़ी छीन कर हत्या कर दी। घर से जब रूपलाल की साली निकली तो देखा कि उसका जीजा बाहर पड़ा है।
शरीर से खून बह रहा है। कई जगह जख्म के निशान हैं। इसके बाद उसने स्वजन को घटना की जानकारी दी। आनन फानन में स्वजन घायल रूपलाल को डॉक्टर के पास ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद स्वजन शव को घर ले आए। हत्या किसने और क्यों की, इसके बारे में स्वजनों को कुछ भी नहीं बता है। निरसा थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
