Sushant Singh Rajput Suicide: ट्विटर वार में कूदे गोड्डा के सांसद निशिकांत, बॉलीवुड में माफियागिरी के खिलाफ पूर्वांचल के कलाकारों को ललकारा
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने ट्वीट कर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें उन्होंने कहा है सुशांत सिंह राजपूत की मौत की न्यायिक जांच होनी चाहिए।
गोड्डा, जेएनएन। बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की खुदकुशी के बाद बॉलीवुड में ट्विटर वार चल रहा है। फिल्मी हस्तियों की तरफ से लगातार ट्वीट किया जा रहा है। कोई आत्महत्या के लिए एक्टर सुशांत को जिम्मेवार ठहरा रहा है तो कोई साजिश की बात। इस ट्विटर वार में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे भी कूद पड़े हैं। गोड्डा लोकसभा से बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने सुशांत सिंह की मौत की न्यायिक जांच की मांग की है। उन्होंने सवाल उठाया है कि आखिर वो क्या हालात रहे होंगे जिसकी वजह से सुशांत सिंह को खुदकुशी करनी पड़ी। उनके परिवारवाले भी मान रहे हैं कि सुशांत खुदकुशी नहीं कर सकते। इसकी जांच होनी चाहिए।
सुशांत सिंह राजपूत की मौत की न्यायिक जॉंच होनी चाहिए,मुम्बई फ़िल्म इंडस्ट्री में व्याप्त माफियागिरी व सिंडिकेट को ख़त्म करने के लिए पूर्वांचल के कलाकारों को संघर्ष का बिगुल फूँकना चाहिए @MumbaiPolice @ManojTiwariMP @ravikishann pic.twitter.com/nJbSrL1VkZ
— Dr Nishikant Dubey (@nishikant_dubey) June 15, 2020
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने ट्वीट कर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें उन्होंने कहा है सुशांत सिंह राजपूत की मौत की न्यायिक जांच होनी चाहिए। इंडस्ट्री में व्याप्त माफियागिरी व सिंडिकेट को खत्म करने के लिए पूर्वांचल के कलाकारों को संघर्ष का बिगूल फूंकना चाहिए। पूरी मुंबई की फिल्म इंडस्ट्री हिंदी भाषा और हिंदी पट्टी के दर्शकों के कारण चलती है। अब समय आ गया है, इस माफियागिरी को फिल्म बायकॉट का नारा देकर बंद करने का।
सुशांत सिंह का 15 जून को मुंबई में अंतिम संस्कार कर दिया। उनकी इस मौत पर पटना की सड़कों पर मंगलवार को प्रदर्शन हो रहे थे। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि सुशांत की मौत की सीबीआई जांच होनी चाहिए। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने फिल्म डायरेक्टर करण जौहर समेत कई और बॉलीवुड कलाकारों के पुतले भी जलाए।
सांसद दुबे से पूर्व बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रणौत ने भी एक वीडियो शेयर किया था। जिसमें उन्होंने खुलकर बॉलीवुड में हावी नेपोटीज्म पर गुस्सा निकाला था। कंगना ने अपने वीडियो में कहा सुशांत सिंह राजपूत की मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। लेकिन कुछ जो इस मामले में माहिर हैं कि किस तरह पैनल नैरेटिव चलाना है वे बता रहे हैं कि कुछ लोगों का दिमाग कमजोर होता है। वो डिप्रेशन में आ जाते हैं और सुसाइड कर लेते हैं। वह इंजीनियरिंग के एंट्रेंस एग्जाम में रैंक होल्डर है। उसका दिमाग कमजोर कैसे हो सकता है। इधर भारत की महिला रेस्लर और बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ने वाली बबीता फोगट ने भी कंगना का समर्थन किया है।
बबीता ने ट्वीटर पर लिखा, फिल्म इंडस्ट्री करण जौहर की बपौती है क्या। लोग इसको मुंहतोड़ जवाब क्यों नहीं देते। बबीता ने लिखा है कि कंगना रणौत बहन की बात काफी हद तक सही लगती है। जो लोग छोटे शहरों से आते हैं उनलोगों के साथ वहां इस तरह का भेदभाव होता है जो नहीं होना चाहिए। फिल्म इंडस्ट्री किसी की बपौती नहीं है। भाई भतीजावाद फिल्म इंडस्ट्री की सबसे बड़ी बीमारी है। मैंने खुद इसको काफी नजदीक से देखा है।