झारखंड के पहले 8 लेन रोड को लेकर विधायक राज को हुई ज्ञान की प्राप्ति, अनुपयोगी के बाद बताया उपयोगी Dhanbad News
भाजपा शासन काल में धनबाद में शुरू झारखंड के पहले 8 लेन रोड का निर्माण झामुमो सरकार में रोक दिया गया तो विधायक ने रोड को ही अनुपयोगी बताया था। अब रोड निर्माण का समर्थन कर रहे हैं।
धनबाद, जेएनएन। लगता है धनबाद के भाजपा विधायक राज सिन्हा को झारखंड के पहले 8 लेन रोड की उपयोगिता के बाबत ज्ञान की प्राप्ति हो गई है। भाजपा शासन काल में धनबाद में शुरू झारखंड के पहले 8 लेन रोड का निर्माण झामुमो सरकार में रोक दिया गया तो विधायक ने रोड को अनुपयोगी बताया था। कहा था कि धनबाद को 8 लेन रोड की जरूरत नहीं है। धनबाद को फ्लाईओवर की जरूरत है। अब विधायक कह रहे हैं कि 8 लेन रोड धनबाद की लाइफ लाइन बनने वाली है। इसका निर्माण शुरू कराने के लिए वे विधानसभा में भी सवाल उठाएंगे।
स्वयंसेवी संगठन आग्रह ने राज्य सरकार से आठ लेन सड़क का निर्माण कार्य जल्द शुरू करने की मांग की है। संगठन ने इस विषय पर रणधीर वर्मा चौक पर शनिवार को धरना देने का निर्णय लिया था। इसके लिए धनबाद के विधायक राज सिन्हा को बतौर मुख्य अतिथि बुलाया गया था। हालांकि कोरोना संकट व इस मुद्दे पर राज्य सरकार द्वारा चल रही निर्णय लेने की प्रक्रिया की वजह से धरना रद कर दिया गया। इसके स्थान पर विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस दाैरान नारेबाजी की गई। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे विधायक राज सिन्हा ने कहा कि आठ लेन सड़क धनबाद की लाइफ लाइन बनने वाली है। इन दिनों जबकि कोरोना संकट की वजह से रोजगार संकट है, इसका निर्माण कार्य शुरू होने से लोगों को रोजगार भी मिलेगा। इसके लिए पूरी रकम वल्र्ड बैैंक द्वारा स्वीकृत है। सरकार को कोई अतिरिक्त व्यवस्था करने की जरूरत नहीं। लिहाजा सरकार हठधर्मिता छोड़ जन हित में इस सड़क का निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाए।