Jamtara: आदिवासी छात्रा की आंख पर पट्टी बांध सामूहिक दुष्कर्म, आधी रात को जंगल में मिली बहोश
महुला गांव के बाबूलाल मरांडी के पुत्र सीताराम मरांडी व उसके तीन दोस्तों ने उसे पकड़ लिया। उसकी आंखों में जबरन पट्टी बांध दी। इसके बाद दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
जामताड़ा, जेएनएन। कुंडहित प्रखंड के महुला जंगल में बुधवार की शाम इंटर में पढऩे वाली एक आदिवासी छात्रा के साथ चार युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। बीस वर्षीय छात्रा स्कूल से अपना पहचान पत्र लेकर वापस साइकिल से घर जा रही थी। इस बीच महुला गांव के बाबूलाल मरांडी के पुत्र सीताराम मरांडी व उसके तीन दोस्तों ने उसे पकड़ लिया। उसकी आंखों में जबरन पट्टी बांध दी। इसके बाद दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। कुंडहित थाना में शिकायत की गई है। पुलिस आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
छात्रा की मां ने बताया कि उसकी बेटी साइकिल से स्कूल गई थी। वहां उसने पहचान पत्र लिया। स्कूल से करीब साढ़े तीन बजे वह वापस घर के निकली। रास्ते में महुला जंगल पड़ता है। यहां वह साइकिल खड़ी कर लघुशंका के लिए रुकी। तब तक महुला गांव के बाबूलाल मरांडी का पुत्र सीताराम मरांडी व उसके तीन साथी आ गए। उसे पकड़ लिया। उसकी आंखों में गमछा बांध दिया। फिर उसे जबरन घसीटते हुए जंगल में ले गए। वहां सभी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
रात बारह बजे तक जंगल में बेहोश पड़ी रही छात्रा
मां ने बताया कि इस बीच बेटी बेहोश हो गई। उसी हालत में रात बारह बजे तक जंगल में पड़ी रही। बेटी के घर न लौटने से हम सभी परेशान थे और उसे खोज रहे थे। इसी क्रम में परिजन जंगल में उसे तलाशते हुए पहुंचे। वहां वह मिली, उसकी हालत बेहद खराब थी। उसे घर लाए। गुरुवार की शाम कुंडहित थाना आकर जानकारी दी। प्राथमिकी में महुआ गांव के आदिवासी युवक सीताराम मरांडी व उसके तीन साथियों को आरोपित किया गया है। कुंडहित थाना में कांड अंकित कर लिया गया है। शुक्रवार को लड़की को चिकित्सकीय जांच के लिए जामताड़ा भेजा गया।
मामले की छानबीन कर रहे हैं। जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। पुलिस ने पीडि़ता का बयान 164 के तहत न्यायालय में दर्ज करा दिया है। उसकी मेडिकल जांच कराई गई है।
-नंद किशोर सिंह, थाना प्रभारी, कुंडहित