टोल टैक्स वसूली का ऑटो चालक संघ ने किया विरोध, सभा कर आंदोलन की दी चेतावनी
धनसार धनबाद नगर निगम की ओर से ऑटो चालकों से जगह-जगह टोल टैक्स की वसूली का धनबाद जिला
धनसार : धनबाद नगर निगम की ओर से ऑटो चालकों से टोल टैक्स की वसूली का धनबाद जिला ऑटो चालक संघ ने विरोध किया है। रविवार को आरएसपी कॉलेज मैदान में धनबाद जिला ऑटो चालक संघ के बैनर तले सैकड़ों ऑटो चालकों ने सभा कर निगम की हिटलरशाही का विरोध जताया। संघ के मो. अख्तर अंसारी ने कहा कि ऑटो चालक व मालिक की आर्थिक स्थिति कोरोना काल में दयनीय हो चुकी है। नगर निगम की ओर से 15 नवंबर से रांगाटांड़, सिटी स्टाइल, भूली मोड़ के समीप, पुटकी, पाथरडीह, सिदरी, लोयाबाद आदि स्थानों में ऑटो चालकों से टोल टैक्स की वसूली की जा रही है। जबकि नगर निगम की ओर से किसी तरह की सुविधा नहीं दी जा रही है। सिर्फ टोल टैक्स को लागू कर देना ऑटो चालकों का दोहन करना है। नगर निगम पहले इन स्थानों पर शौचालय, पेयजल, यात्री शेड, पार्किंग आदि की सुविधा दें। इसके बाद टैक्स को लागू करें। कहा कि कई बार टोल टैक्स वसूलने वाले मुख्य मार्ग पर आकर जबरन वाहन को रोक लेते हैं। इससे ट्राफिक व्यवस्था ठप हो जाता है। जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर ऑटो चालकों के साथ न्याय करने की मांग की। कहा कि न्याय नहीं मिला तो ऑटो चालक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। मौके पर छोटन सिंह, राजेश मोदक, बबलू अंसारी, कौशल वर्मा, मिटू कुमार, राहुल साह, जावेद अंसारी, अजय गिरि आदि मौजूद थे।