कोलकाता के एमबीए छात्र की पंचेत डैम में डूबकर माैत, दोस्तों संग आया था पिकनिक मनाने Dhanbad News
पंचेत डैम में जहां हादसा हुआ वह डाउन एरिया है। डैम से पानी छूटने के बाद इधर से ही होकर निकलता है। नीचे गहराई व दलदल है। इस क्षेत्र में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।
पंचेत, जेएनएन। पंचेत डैम पर पिकनिक मनाने आए कोलकाता के एमबीए छात्र की रविवार को दामोदर नदी में डूबकर मौत हो गई। उसके साथी को आसपास मौजूद लोगों ने बचा लिया।
प. बंगाल के दुर्गापुर भिरंगी से 14 दोस्तों का समूह आया था। डैम के नीचे पार्क में सभी पिकनिक के उल्लास में डूबे थे। इसी बीच सौभिक कर्मकार (22) व रितिक समदार (25) शौच के लिए नदी की ओर गए। तभी उनका पैर फिसला और वे डूबने लगे। आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़े और रितिक को बचाया मगर सौभिक गहरे पानी में डूब गया था। उसे भी निकाला गया और अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पाकर सौभिक के स्वजन पंचेत पहुंचे। पिता समीर कर्मकार ने बताया कि इसी वर्ष उसने रानीगंज के टीडीपी कॉलेज से बीकॉम किया था और कोलकाता में एमबीए में दाखिला लिया था। जनवरी में उसे कॉलेज जाना था। उसने कहा था- बाबा, आज पिकनिक मनाने दीजिए, फिर तो पढऩे कोलकाता चले जाएंगे। मैंने भी इजाजत दे दी। सौभिक दो भाइयों में बड़ा था। डैम के पूर्वी क्षेत्र में सौभिक डूबा।
जहां पर हादसा हुआ वह डाउन एरिया है। डैम से पानी छूटने के बाद इधर से ही होकर निकलता है। नीचे गहराई व दलदल है। इस क्षेत्र में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।