प्रेमी के फेर में पड़ोसी का बच्चा लेकर भागी विवाहिता, प्रेमी से बच्चा होने का किया था दावा Dhanbad News
प्रेम प्रसंग में पड़ी विवाहित महिला ने प्रेमी को दिखाने के लिए पड़ोसी का बच्चा लेकर फरार हो गयी। महिला का कहना है कि बच्चा प्रेमी से हुआ है।
धनबाद, जेएनएन। प्रेम प्रसंग में बरवाअड्डा क्षेत्र की एक महिला प्रेमी को दिखाने के लिए अपने पड़ोसी के एक साल के बच्चे को लेकर ही भाग गई। बच्चे के पिता ने बरवाअड्डा थाना में इसकी शिकायत की है। इसके बाद काफी मशक्कत के बाद गुरुवार को पुलिस ने बच्चे को गोमो से बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।
क्या है पूरा मामला : कोडरमा निवासी एक युवक बरवाअड्डा में अपनी पत्नी के साथ किराए के मकान में रहता था। युवक मिठाई दुकान में सेल्समैन का काम करता है। उन्हें एक वर्ष का एक बच्चा है जो युवक के माता-पिता के पास कोडरमा में रहता है। इधर, महिला को गोमो के सूरज नामक युवक से प्यार हो गया। इसकी जानकारी उसके पति को भी थी। महिला और सूरज ने चंद्रपुरा के एक मंदिर में शादी भी कर ली। इस शादी के बाद ही महिला को बच्चा हुआ था। महिला के अनुसार, बच्चा प्रेमी सूरज का है। वहीं महिला का पति बच्चे को अपना मानता है। पति को शक था कि यदि बच्चा पत्नी के साथ रहेगा तो वह उसे लेकर प्रेमी के पास चली जाएगी। इस कारण उसने बच्चे को अपने माता-पिता के पास छोड़ा था।
प्रेमी, महिला और बच्चे को लेकर पहुंचा बहन के घर : इधर प्रेमी सूरज अपने बच्चे को देखने के लिए बार-बार महिला पर दबाब बना रहा था। प्रेमी को बच्चा दिखाकर खुश करने के लिए महिला बुधवार को अपने पड़ोसी के बच्चे को लेकर बरवाअड्डा चली आई। महिला ने पड़ोसी को कहा था कि वह थोड़ी देर में बच्चे को लेकर आ रही है। लेकिन बरवाअड्डा से सूरज महिला और बच्चे को लेकर अपनी बहन के घर गोमो चला गया। काफी देर तक बच्चे के साथ घर नहीं लौटने पर परेशान उसके पिता ने बरवाअड्डा थाना में मामले की जानकारी दी।
प्रेमी के साथ ही रहने पर अड़ी महिला : महिला के पति से जब पुलिस ने पूछताछ की तो उसने उसके प्रेमी के बारे में जानकारी दी। मोबाइल लोकेशन के सहारे बरवाअड्डा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सूरज की बहन के घर गोमो में दबिश देकर बच्चा, प्रेमी सूरज और प्रेमिका को कब्जे में ले लिया। थाने में महिला अपने प्रेमी सूरज के साथ ही रहने पर अड़ी थी। वहीं पति उसे साथ रखना चाहता है। बच्चा मिल जाने के बाद परिजनों ने थाने में लिखित शिकायत नहीं की। लिहाजा, पुलिस ने मामले में आरोपित को हिदायत देकर छोड़ दिया।