खुदिया नदी के पास पेड़ के नीचे मिला युवक का शव
देवली गोविदपुर थाना अंतर्गत बरवापूर्व खुदिया नदी के समीप पेड़ के नीचे शुक्रवार को एक युवक का शव मिला। मृतक युवक की पहचान तिलावनी पंचायत के लिपिहीह आदिवासी टोला निवासी 20 वर्षीय सुनील हांसदा के रूप में की गई।
संवाद सहयोगी, देवली : गोविदपुर थाना अंतर्गत बरवापूर्व खुदिया नदी के समीप पेड़ के नीचे शुक्रवार को एक युवक का शव मिला। मृतक युवक की पहचान तिलावनी पंचायत के लिपिहीह आदिवासी टोला निवासी 20 वर्षीय सुनील हांसदा के रूप में की गई। मृतक हाइवा में खलासी का काम करता था। जानकारी के अनुसार स्थानीय ग्रामीण शुक्रवार की सुबह खुदिया नदी में नहाने जा रहे थे, तभी दुर्गध का एहसास हुआ। पास जाकर देखा तो पेड़ के नीचे युवक का शव को पड़ा हुआ था। यह बात ग्रामीणों के बीच आग की तरह फैल गई। युवक के पिता सुशील हांसदा को इसकी जानकारी मिलते ही भागे भागे घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान अपने पुत्र सुनील हांसदा के रूप में की। इस बीच इसकी सूचना गोविदपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार सिंह पुलिस गश्ती दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों से पूछताछ की। सुशील हांसदा ने बताया कि उनका पुत्र शनिवार की सुबह हाइवा में खलासी का काम करने के लिए घर से निकला था। लेकिन वह घर नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि युवक अपने से मर नहीं सकता है। ऐसा लगता है कि किसी शरारती तत्व ने मारकर फेंक दिया हो। थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद घटना का खुलासा हो पाएगा। पुलिस सभी बिदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर धनबाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।