Love Jihad: धर्म छिपाकर शादी की, भेद खुला तो दोस्तों से कराया सामूहिक दुष्कर्म
Love Jihad बोकारो की बॉकाम छात्रा को प्रेम जाल में फांसने के लिए आरजू मल्लिक खुद को हिंदू बताता था। उसने बंद कमरे में हिंदू रिवाज के अनुसार शादी की। इसके बाद वीडियो बनाया। छात्रा को जब पता चला तो उसने अपने ड्राइवर और दोस्तों से दुष्कर्म करवाया।
बोकारो, जेएनएन। Love Jihad झारखंड के बोकारो के एक कॉलेज में बीकॉम में पढ़ रही छात्रा के साथ लव जिहाद का मामला सामने आया है। राजू उर्फ आरजू मल्लिक नामक युवक ने अपना धर्म छिपाकर प्रेम जाल में फंसाया। कोऑपरेटिव कॉलोनी के एक आवास में माला पहनाने के बाद मांग में सिंदूर डालकर शादी की। शारीरिक संबंध बनाकर उसका वीडियो बनाया। दोस्त ने जब आरजू नाम से पुकारा तो भेद खुला। युवक ने यह भी छिपाया कि वह पहले से शादीशुदा है। उसने विरोध किया तो आरजू ने वीडियो वायरल कर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। अपने वाहन चालक व दो दोस्तों से दुष्कर्म कराया। चास महिला थाना में युवती ने अपना दर्द बताया है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुट गई है।
प्रेम जाल में फांसने के लिए खुद को बताया हिंदू
युवती ने बताया कि उसके पड़ोस में एक युवक आता था। उसने अपना नाम राजू बताया। उससे उसकी दोस्ती हो गई। उसने शादी का प्रस्ताव दिया। कहा कि वह हिंदू है। अपने शादीशुदा होने की बात भी उसने नहीं बताई। 17 जनवरी को कॉलेज गई थी। यहीं पर वह आ गया। अपने साथ कोऑपरेटिव कॉलोनी के एक आवास में ले गया। वहां पंडित समेत पहले से तीन लोग थे। आरजू ने उसे माला पहनाई और खुद भी पहन ली। मांग में सिंदूर भर दिया। उसके बाद बोला कि पहले अपने मां-पिता को समझा लो। तबतक किसी को कुछ नहीं बताना। फिर शारीरिक संबंध बनाकर धोखे से वीडियो बनाया।
भेद खुला तो अपना असली धर्म बता धमकाया
एक दिन उसके साथी ने जब उसे आरजू नाम से पुकारा तो हमने सच्चाई जाननी चाही। उसने दो टूक कहा कि वह मुसलमान है, शादीशुदा भी। उसके बाद धमकाया। कहा उस पर पहले से कई केस हैं। हमारे दोस्तों को भी खुश करो। इसके बाद उसके चालक जालिम, दोस्त प्रमोद ओझा और नितेश पांडेय ने सामूहिक दुष्कर्म किया। इसका भी वीडियो बनाया। अब मतांतरण का दबाव बना रहा है।
शिकायत मिलते ही तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। उचित कार्रवाई की जाएगी।
-शिल्पा कुजूर, थाना प्रभारी, चास महिला थाना।