Dhanbad Coronavirus News Update: दो कोरोना मरीज निरोग होकर अस्पताल से लाैटे घर, विदाई में डीसी ने दिए उपहार
LIVE Dhanbad Coronavirus News Update नई दिल्ली से धनबाद आने पर सांसद पीएन सिंह को 14 अप्रैल को होम क्वारंटाइन कर दिया गया था। उन्हें 14 दिनों तक घरों में रहने को कहा गया।
धनबाद, जेएनएन। LIVE Coronavirus Dhanbad News Update धनबाद के दोनों कोरोना मरीज निरोग हो गए हैं। जांच रिपोर्ट दूसरी बार निगेटिव आने के दूसरे दिन सोमवार की शाम दोनों को कोविड-19 अस्पताल (बीसीसीएल, सेंट्रल अस्पताल) से छुट्टी दे दी गई। अब दोनों अपने-अपने घर पर अगले 14 दिन तक होम क्वारंटाइन पर रहेंगे। अस्पताल से छुट्टी के समय उपायुक्त अमित कुमार भी उपस्थित थे। उन्होंने निरोग हुए दोनों मजदूरों को उपहार प्रदान किया।
कुमारधुबी के बाघाकुड़ी का रहने वाला युवक कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद 18 अप्रैल को बीसीसीएल के सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके साथ ही धनबाद रेल मंडल में कार्यरत रेल ट्रैकमैन पॉजिटिव पाए जाने के बाद 19 अप्रैल को कोविड अस्पताल में भर्ती किया गया। दोनों ने जल्द की कोरोना को पराजित कर दिया। सोमवार को अस्पताल से छुट्टी देने के समय बड़ा ही भावुक माहाैल था। दोनों ने अस्पताल के चिकित्सकों और चिकित्साकर्मियों को तहे दिल से शुक्रिया कहा। जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल के चिकित्सकों-चिकित्साकर्मियों ने ताली बजाकर विदाई दी।
धनबाद के दोनों कोरोना मरीज ठीक हो गए हैं। यहां दो कोरोना संक्रमित मरीज थे। दोनों निरोग हो गए हैं। इसके साथ ही अब धनबाद में कोरोना से कोई संक्रमित नहीं है। दूसरी तरफ धनबाद के सांसद पीएन सिंह की होम क्वारंटाइन अवधि सोमवार को पूरी हो रही है। अब वे अपने घरों से निकलकर अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों से मिल सकते हैं।
रविवार को पीएमसीएच में 301 लोगों के सैंपल की जांच हुई। इसमें 300 की रिपोर्ट निगेटिव आई जबकि एक मरीज पॉजिटिव निकला जो जामताड़ा का है। जिन लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई, उनमें कुमारधुबी और डीएस कॉलोनी के दोनों कोरोना पॉजिटिव मरीज शामिल हैं। शनिवार को दोनों की पहली जांच रिपोर्ट निगेटिव आई थी। रविवार को फिर जांच हुई और दूसरी रिपोर्ट भी निगेटिव निकली। सनद रहे कि धनबाद में कोरोना का पहला मामला 16 अप्रैल को कुमारधुबी के बाघाकुड़ी में सामने आया था। दूसरा केस हीरापुर की डीएस कॉलोनी में 18 अप्रैल को मिला था। हालांकि रांची में संक्रमण का दायरा बढ़ता जा रहा है। रविवार को वहां 13 नए केस मिले।
धनबाद के उपायुक्त अमित कुमार ने कहा कि दोनों कोरोना पॉजिटिव मरीजों की दो बार जांच की गई जिसमें उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई। वे कोरोना के संक्रमण से मुक्त हो गए हैं। लिहाजा, दोनों को कोविड-19 अस्पताल से घर भेज दिया जाएगा। उपायुक्त ने इसके लिए सभी चिकित्सक, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ, पुलिस अधिकारी, सफाई कर्मचारी सहित पूरी कोरोना योद्धाओं की टीम को धन्यवाद दिया। साथ ही लोगों से एक बार फिर अपील की है कि बाहर निकलते समय अवश्य शारीरिक दूरी के नियम का पालन करें। अति आवश्यक काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। मास्क जरूर लगाएं। बार-बार हाथों को सैनिटाइज करें। घर के बुजुर्गों और बच्चों की विशेष रूप से देखभाल करें। यदि कोई व्यक्ति अन्य जिले या राज्य से आया है तो इसकी सूचना जिला प्रशासन को दें।
14 अप्रैल से होम क्वारंटाइन में सांसद पीएन सिंह
नई दिल्ली से धनबाद आने पर सांसद पीएन सिंह को 14 अप्रैल को होम क्वारंटाइन कर दिया गया था। उन्हें 14 दिनों तक घरों में रहने को कहा गया। सोमवार को क्वारंटाइन अवधि पूरी हो रही है।