Lightning Strike: गिरिडीह में वज्रपात से महिला व बालक समेत चार की मौत, सीओ से मिला मुआवजा का आश्वासन
बिरनी के अरारी गांव में नारायण वर्मा के 14 वर्षीय पुत्र प्रवीण वर्मा की मौत वज्रपात से हो गई। उसके उसके चाचा बैजनाथ वर्मा जख्मी हो गए। दोनों चाचा-भतीजा घर के दरवाजे पर खड़े थे।
गिरिडीह, जेएनएन। बारिश एवं आंधी के बीच हुए वज्रपात से गिरिडीह में गुरुवार को एक महिला व बच्चे समेत चार की जान चली गई। जमुआ में महिला व पीरटांड़ में एक किसान की मौत हुई। बिरनी में भतीजे की मौत और चाचा जख्मी हो गए। बेंगाबाद में दस वर्षीय बालक ने दम तोड़ दिया। पीरटांड़ के खुखरा थाना क्षेत्र के तुइयो गांव में गुरुवार को 48 वर्षीय किसान भादो किस्कू अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान आंधी आई और बारिश होने लगी। इसी दौरान वज्रपात हो गया और भादो उसकी चपेट में आकर जख्मी हो गया। सूचना पाकर गांव वाले खेत में पहुंचे। उसे एंबुलेंस से सदर अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। दूसरी ओर बेंगाबाद प्रखंड के भोजदहा गांव में दस वर्षीय बालक जफर अंसारी घर के बाहर खेल रहा था। इसी बीच मौसम खराब होने के साथ वज्रपात हुआ। जफर उसकी चपेट में आकर जख्मी हो गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
बिरनी : बिरनी के अरारी गांव में नारायण वर्मा के 14 वर्षीय पुत्र प्रवीण वर्मा की मौत वज्रपात से हो गई। उसके उसके चाचा बैजनाथ वर्मा जख्मी हो गए। दोनों चाचा-भतीजा घर के दरवाजे पर खड़े थे। अचानक बादलों की गडग़ड़ाहट के साथ बारिश होने लगी और ठनका गिरा। चाचा-भतीजा वहीं गिर गए। उनको बिरनी सामुदायिक अस्पताल ले जाया गया। डॉ. ताजुद्दीन ने भतीजे को मृत घोषित कर दिया। चाचा का इलाज हो रहा है। सीओ संदीप मधेसिया, मुखिया मुकुंद मुरारी, सीताराम सिंह, पूर्व मुखिया रामू बैठा ने परिजनों को सांत्वना दी है। सीओ ने कहा कि नियमों के तहत परिजनों को मुआवजा मिलेगा।
जमुआ : बलगो पंचायत के मेरखोगुंडी गांव में वज्रपात से अंकित वर्मा की 22 वर्षीय पत्नी ललिता कुमारी की मौत हो गई। वह गुरुवार को घर के बाहर कुएं पर आई थी। तभी बारिश होने लगी। वह तेजी से घर की ओर भागी तभी वज्रपात हुआ। इस घटना में उसकी मौत हो गई। महिला के दो छोटे छोटे बच्चे हैं। उसके परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।