उद्घाटन के तीसरे दिन डीआरएम ने किया निरीक्षण, बंद मिली लिफ्ट
डीआरएम धनबाद रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने निकले थे। उन्हें प्लेटफार्म संख्या एक से सात पर जाना था। लिफ्ट का दरवाजा बंद था।
धनबाद, जेएनएन। तीन दिन पहले धनबाद रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी के लिए लिफ्ट सेवा शुरू हुई। 30 सितंबर को प्लेटफॉर्म संख्या एक, दो और चार पर लगी लिफ्ट का धूम-धाम से सांसद पशुपति नाथ सिंह ने फीता काटकर उद्घाटन किया।
मंगलवार को डीआरएम अनिल कुमार मिश्र धनबाद रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने निकले थे। उन्हें प्लेटफार्म संख्या एक से सात पर जाना था। वह लिफ्ट के दरवाजे पर गए। दरवाजा बंद था। बटन दबाने के बाद भी नहीं खुला। इसके लिए उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों को फटकार लगाई। इसके बाद पैदल ही प्लेटफार्म संख्या सात की तरफ निकल पड़े।
झाड़ू थाम दिया स्वच्छता का संदेश : गांधी जंयती के मौके पर डीआरएम मिश्र ने स्टेशन की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने हाथ में झाड़ू थाम रेलवे स्टेशन के दक्षिणी क्षोर की सफाई की। इस दौरान वह कभी झाड़ू चलाते तो कभी कचरा उठाते दिखे। उन्हें देख अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी अपने को रोक नहीं पाएं।