लिट्टी पार्टी में कुंती व इंदू के रिश्तों में जमी बर्फ पिघली
संस अलकडीहा राजनीतिक और पारिवारिक विरासत को लेकर विवादों में उलझे जनता मजदूर सं
संस, अलकडीहा : राजनीतिक और पारिवारिक विरासत को लेकर विवादों में उलझे जनता मजदूर संघ की महामंत्री झरिया की पूर्व विधायक कुंती देवी पूरे परिवार के साथ बुधवार की रात सिंह मेंशन के करीबी प्रमोद सिंह के साउथ तिसरा आवास पर आयोजित लिट्टी पार्टी में दिखीं। खास बात यह रही कि पार्टी में जमसं के अध्यक्ष रामधीर सिंह की पत्नी पूर्व मेयर इंदू देवी भी शामिल हुई। रामधीर सिंह व कुंती देवी के बीच पारिवारिक विवाद के कारण दोनों परिवार के लोग दो वर्षो से अलग-अलग राह पर चल रहे थे। इसके चलते बीते विधानसभा चुनाव में पूर्व मेयर इंदु देवी व इनके परिवार के सदस्यों ने भाजपा प्रत्याशी कुंती देवी की पुत्रवधू रागिनी सिंह के चुनाव प्रचार से अपने को अलग रखा। विवादों के चलते जमसं के नेता व कार्यकर्ता भी हमेशा असमंजस में रहे, लेकिन साउथ तिसरा में सूर्यदेव सिंह के करीबी रहे राजनारायण सिंह के रिश्तेदार प्रमोद सिंह व जमसं के क्षेत्रीय सचिव संजीत सिंह ने अपने घर पर लिट्टी पार्टी का आयोजन कर सभी को आमंत्रित किया। सिंह मेंशन, कुंती निवास और इंदु देवी के परिवार को एक टेबल पर भोजन कराकर उहापोह में रह रहे कार्यकर्ताओं को मेंशन परिवार में पहले की तरह सब कुछ ठीक रहने का संदेश देने का प्रयास किया गया। गुरुवार को इसकी क्षेत्र में चर्चा होती रही। लिट्टी पार्टी में मेंशन की बहुओं ने जहां वनभेज का आनंद लिया, वहीं दूसरी ओर कुंती देवी व इंदु देवी समेत अन्य परिवार के सदस्यों ने लिट्टी चोखा का खूब मजा लिया। झरिया की राजनीति के बारे में भी खूब चर्चा हुई। नगर निगम के चुनाव को लेकर भी रणनीति बनाई गई। कई समर्थकों ने तो इंदु देवी को फिर से मेयर व किसी को डिप्टी मेयर का चुनाव लड़ने तक की बात कह दी। मेंशन की राजमाता ने तो समर्थकों का मन रखने के लिए यहां तक कह दिया कि आगे-आगे देखिए होता है क्या। इस दौरान कुंती देवी, इंदु देवी, रागिनी सिंह और सिद्धार्थ गौतम के समर्थन में खूब नारे लगे। लिट्टी पार्टी में कुंती देवी, इंदू देवी, रागिनी सिंह, सिद्धार्थ गौतम, मिनी गौतम, प्रदीप सिन्हा, प्रमोद सिंह, संजीत सिंह, अनिल सिंह, छोटू सिंह, रविशंकर सिंह, टुन्ना सिंह, भूपेंद्र सिंह, रायबाबू सिंह, केल्विन तिर्की के अलावा लोदना क्षेत्र के महाप्रबंधक जीडी निगम व बीसीसीएल मुख्यालय कोयला भवन के कई अधिकारी शामिल हुए।