केलवा के पात पर उगेलन सुरुज मल... छठ गीतों से गूंज रहा कुमारधुबी स्टेशन, सफर की थकान भूल भक्ति में रम रहे यात्री
Railway News: छठ महापर्व पर कुमारधुबी स्टेशन पर घर लौट रहे प्रवासियों के लिए रेलवे ने विशेष पहल की है। ...और पढ़ें

कुमारधुबी रेलवे स्टेशन। (फोटोः जागरण)
संवाद सहयोगी, चिरकुंडा (धनबाद)। Eastern Railway: छठ महापर्व पर बिहार और उत्तर प्रदेश स्थित अपने गांव लौट रहे प्रवासी मजदूरों और श्रद्धालुओं के लिए कुमारधुबी स्टेशन पर एक सुखद अनुभव देखने को मिल रहा है।
ट्रेनों में भारी भीड़, बोगियों में ठूंस-ठूंसकर सफर और लंबी यात्रा की थकान के बीच जैसे ही ट्रेन कुमारधुबी स्टेशन पहुंचती है, छठी मैया के मधुर भक्ति गीत यात्रियों के कानों में मिश्री घोलने लगते हैं। कुछ पल के लिए सफर की सारी परेशानियां भुलाकर यात्री छठ की भक्ति में रम जाते हैं।
झारखंड-पश्चिम बंगाल सीमा पर स्थित आसनसोल रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले कुमारधुबी स्टेशन पर रेलवे की ओर से छठ महापर्व को लेकर विशेष पहल की गई है। स्टेशन परिसर में लाउडस्पीकर के माध्यम से छठ के पारंपरिक गीत (Chhath Songs at Kumardhubi Railway Station) बजाए जा रहे हैं। इससे पूरा स्टेशन भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है।
गीतों ने ताजा की गांव और छठ घाट की यादें
स्टेशन पर ''कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए'', ''केलवा के पात पर उगेलन सुरुज मल झांके झुंके'' और छठी मैया की जयकार से जुड़े गीत गूंज रहे हैं।
इन गीतों को सुनकर कई प्रवासी भावुक हो उठते हैं। कुछ यात्री खुद भी गीत गुनगुनाते नजर आते हैं। उन्हें अपने गांव, परिवार और छठ घाट की याद सताने लगती है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पर्व को देखते हुए स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ के मद्देनजर साफ-सफाई, पेयजल, बैठने और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
स्थानीय लोगों ने रेलवे की इस पहल की सराहना की है। उनका कहना है कि छठ गीतों ने स्टेशन को ही मानो छठ घाट में तब्दील कर दिया है। यह पहल यात्रियों के सफर में अपनत्व और आस्था का एहसास करा रही है।