Dhanbad Weather Forecast: सर्दी के बीच बादलों ने आसनान को घेरा, अगले हफ्ते बारिश के आसार
माैसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक आसमान में बादल बने रहने की संभावना जताई है। इसके साथ ही हिमालय में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बढ़ने से बर्फीली हवाएं भी इस ओर आ रही हैं। सर्द हवाओं के आने से दिन में भी ठंड लग रही है।
धनबाद, जेएनएन। देश के अलग-अलग हिस्सों में एक बार फिर एक साथ कई सिस्टम सक्रिय हो गए हैं। जिस वजह से धनबाद का मौसम भी प्रभावित हो गया है। एक ओर जहां राजस्थान में अरब सागर के बादल साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में सक्रिय हो गए हैं वहीं दूसरी ओर असम में भी साइक्लोनिक सर्कुलेशन का प्रभाव बन चुका है। राजस्थान से असम तक फैले बादलों की श्रृंखला के रास्ते में पड़ने वाला धनबाद इससे प्रभावित हो रहा है। शुक्रवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। धूप नहीं खिली है। बीच-बीच में सूर्य देव बादलों का पर्दा हटा कर ताक झांक करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि घने बादलों ने आसमान पर कब्जा कर लिया है।
माैसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक ऐसे ही बने रहने की संभावना जताई है। इसके साथ ही हिमालय में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बढ़ने से बर्फीली हवाएं भी इस ओर आ रही हैं। सर्द हवाओं के आने से दिन में भी ठंड लग रही है और रात का मौसम बेहद सर्द हो जा रहा है। गुरुवार की रात शहर कड़ाके की ठंड की चपेट में रहा। शुक्रवार की सुबह भी मौसम में ठंडक बरकरार है। शाम तक ठंड में और बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।
मौसम में उतार-चढ़ाव का यह सिलसिला फरवरी के पहले पखवाड़े तक जारी रहेगा। फरवरी के पहले हफ्ते में धनबाद और आसपास के कुछ जगहों पर रिमझिम फुहार में भी बरस सकती हैं।
सोमवार तक का संभावित तापमान
- शुक्रवार अधिकतम 24 न्यूनतम 8
- शनिवार अधिकतम 23 न्यूनतम 7
- रविवार अधिकतम 23 न्यूनतम 8
- सोमवार अधिकतम 23 न्यूनतम 7