खजूर की डाली लहराकर प्रभु का किया स्वागत
धनबाद ओ मेरे प्रभु येरूशलम आ गए.. गीत के साथ ईसाई समुदाय के लोगों ने शहर के संत अंथोनी चर्च में प्रार्थना की।
धनबाद : 'ओ मेरे प्रभु येरूशलम आ गए..' गीत के साथ ईसाई समुदाय के लोगों ने शहर के संत अंथोनी चर्च में प्रार्थना की। इसके साथ ही उनके 40 दिनों के दुख भोग का समय समाप्त हो गया। इस दौरान खजूर की डाली लेकर सभी लोग उपस्थित थे और फादर ने सभी को खजूर की डाली से ही आशीष भी दिया। खजूर रविवार के मौके पर यह आयोजन किया गया।
फादर ज्ञान प्रकाश टोपनो ने अपने उपदेश में कहा कि आज से पवित्र सप्ताह का शुभारंभ हो गया है। अगले शनिवार की पास्का जागरण रात तक प्रभु द्वारा बिताए गए दुख भोग के समय पर चिंतन और मनन करने का समय है। गुड फ्राइडे से पहले हमें अपने सभी गुनाह स्वीकार करने चाहिए। उन्होंने बताया कि 18 अप्रैल को संध्या में पुण्य वृहस्पतिवार यानी अंतिम भोज का आयोजन होगा। इस दिन 12 चुने हुए लोगों के पैर धोये जाएंगे। 19 अप्रैल को गुड फ्राइडे का आयोजन होगा। इस दौरान प्रभु यीशु को क्रूस पर चढ़ाए जाने की घटना को याद किया जाएगा। 20 अप्रैल को पास्का जागरण और रविवार को ईस्टर के अवसर पर चर्च में प्रार्थना सभा की जाएगी। फादर टोपनो ने इस आयोजन की सफलता के लिए मुनिडीह महिला संघ के साथ-साथ हरमन बिल, प्रवीण कुमार लौंगा, रमेश होरो, ललिता खालखो समेत अन्य को धन्यवाद दिया।