धनबाद: मुन्ना पाण्डेय मर्डर केस में दो गिरफ्तार, शराब पार्टी के बाद 20000 लूटने की नीयत से की थी हत्या
कतरास पुलिस ने मुन्ना पाण्डेय हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों मिथुन गोप और सोनू कुमार राय को गिरफ्तार ...और पढ़ें

HighLights
मुन्ना पाण्डेय हत्याकांड में दो आरोपी गिरफ्तार, कतरास पुलिस को सफलता।
दशहरा की कमाई लूटने के इरादे से की गई थी हत्या।
शराब पार्टी के बाद गला घोंटकर चाकू से रेता गया।
जागरण संवाददाता, कतरास। कतरास थाना क्षेत्र के चर्चित मुन्ना पाण्डेय हत्याकांड का पुलिस ने उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिथुन गोप (उम्र 33 वर्ष), निवासी भगत सिंह चौक और सोनू कुमार राय उर्फ बजरंगी (उम्र 19 वर्ष), निवासी आमटांड़ के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी मृतक के परिचित थे और अक्सर उनके साथ बैठकर शराब पिया करते थे।
दशहरा की कमाई लूटने की थी नीयत कतरास थाना कांड संख्या 275/2026 के तहत दर्ज इस मामले के खुलासे के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक, धनबाद के निर्देश पर बाघमारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। पुलिस टीम ने घटनास्थल से तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाकर गहन अनुसंधान शुरू किया। संकलित साक्ष्यों के आधार पर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को जानकारी थी कि मुन्ना पाण्डेय ने दशहरा पूजा के दौरान लगभग 15 से 20 हजार रुपये कमाए हैं। इसी रकम को लूटने के इरादे से दोनों ने 28 अक्टूबर 2026 की रात मुन्ना पाण्डेय से शराब पार्टी की मांग की। हैरानी की बात यह है कि पार्टी के लिए पैसे भी मुन्ना पाण्डेय ने ही दिए थे। जब वे अत्यधिक नशे में सो गए, तो दोनों आरोपी घर में रखे रुपये तलाशने लगे।
जागने पर डिस तार से गला घोंटा, फिर चाकू से रेता
तलाश के दौरान अचानक कांसे का एक बर्तन गिरने से तेज आवाज हुई, जिससे मुन्ना पाण्डेय की नींद खुल गई। पकड़े जाने के डर से दोनों ने मिलकर पहले टीवी के डिस केबल तार से उनका गला दबाकर उन्हें बेहोश किया। इसके बाद मिथुन गोप ने घर में रखे चाकू से उनका गला रेतकर निर्ममता से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी घर से एलईडी टीवी, कांसे के बर्तन और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए थे।
सामान बरामद, छापेमारी दल में ये रहे शामिल
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर मृतक के घर से चोरी किया गया सैमसंग कंपनी का एलईडी टीवी, कांसे की प्लेट, हत्या में इस्तेमाल चाकू, खून से सने कपड़े और काले रंग का डिस केबल तार बरामद कर लिया है।
इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करने वाली छापेमारी टीम में कतरास थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक प्रवीण कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह, मनोज कुमार, निर्भय कुमार, पवन तिर्की, सत्येंद्र यादव, सहायक अवर निरीक्षक शैलेश कुमार सहित कतरास थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।