धनबाद में सड़क हादसा: रेलवे फाटक के पोल से टकराकर कार बनी आग का गोला, पुलिस ने बचाई 2 की जान
कतरास में रेलवे फाटक के हाइट गेज से टकराने के बाद एक वरना कार में भीषण आग लग गई।

कार में लगी आग। (जागरण)
HighLights
कतरास में रेलवे फाटक पर कार का भीषण हादसा।
हाइट गेज से टकराने के बाद कार में लगी भीषण आग।
पुलिस की तत्परता से दो लोगों की जान बचाई गई।
जागरण संवाददाता, कतरास। कतरास थाना क्षेत्र के मां लिलौरी फाटक स्थित धनबाद रेल मंडल के रेलवे फाटक संख्या 3/एसपीएल/टी पर गुरुवार की रात करीब दो बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया।
बोकारो की ओर से आ रही एक अनियंत्रित वरना कार रेलवे फाटक के हाइट गेज (सुरक्षा पोल) से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुर्घटना के तुरंत बाद कार में अचानक भीषण आग लग गई।
हादसे के समय कतरास थाना की पुलिस की गश्ती टीम राहुल चौक मौजूद थी। कार में आग की लपटें उठती देख गश्ती दल के जवानों ने बिना समय गंवाए तत्परता दिखाई और कार के अंदर फंसे दो लोगों को काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस की इस समय रहते की गई कार्रवाई से दो लोगों की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया। दोनों सवार पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

घटना के बाद आसपास के लोगों और पुलिस प्रशासन की मदद से कार में लगी आग को बुझाने का काफी प्रयास किया गया, लेकिन आग इतनी भयावह थी कि कार को जलने से नहीं बचाया जा सका।
देखते ही देखते वरना कार पूरी तरह से जलकर राख के ढेर में तब्दील हो गई। फिलहाल कतरास थाना की पुलिस दुर्घटना के कारणों की गहराई से जांच कर रही है। घायलों के स्वजन को घटना की जानकारी दे दी गई है।
