पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल ने PMCH में स्वास्थ्य सुविधाओं का जाना हाल, भाजपा सरकार पर बोला हमला Dhanbad News
झारखंड में स्वास्थ्य सेवा का हाल-बदहाल है। प्राथमिक और सदर अस्पतालों की काैन पूछे मेडिकल कॉलेजों में भी मरीजों को दवा और सही चिकित्सा सुविधा नहीं मिल रही हैं।
धनबाद, जेएनएन। जनादेश यात्रा पर धनबाद पहुंचे JVM (P) प्रमुख पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने स्वास्थ्य सेवा को लेकर झारखंड की भाजपा सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि केंद्र की नरेंद्र मोदी और राज्य की रघुवर सरकार सिर्फ घोषणाएं कर रही हैं। झारखंड में स्वास्थ्य सेवा का हाल-बदहाल है। प्राथमिक और सदर अस्पतालों की काैन पूछे मेडिकल कॉलेजों में भी मरीजों को दवा और सही चिकित्सा सुविधा नहीं मिल रही हैं। आयुष्मान भारत का लाभ मरीजों के बजाय बीमा कंपनियों और निजी अस्पतालों को मिल रहा है।
मरांडी बुधवार सुबह पीएमसीएच में भर्ती गिरिडीह के पार्टी कार्यकर्ता से मिलने पहुंचे थे। पार्टी कार्यकर्ता से मिलने के बाद मरांडी ने अस्पताल में इलाजरत दूसरे मरीजों से भी मुलाकात की। एचडीयू वार्ड और मेडिसिन वार्ड में भर्ती मरीजों का इलाज कर रहे चिकित्सकों से बातचीत भी की। मरीजों ने बताया कि उन्हें दवा बाहर से लेनी पड़ रही है। ऐसे में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बाबूलाल ने अधीक्षक डॉ एचके सिंह से अस्पताल में दवा उपलब्ध कराने, बेहतर सेवा प्रदान करने आदि की मांग की। इसके बाद बाबूलाल आपातकाल वार्ड पहुंचे। यहां पर एक जले हुए मरीज को देखा। उन्होंने पूछा कि ऐसे मरीजों के इलाज के लिए अलग से वार्ड है या नहीं? बाबूलाल लगभग आधे घंटे तक पीएमसीएच में रहे। उनके साथ पूर्व मंत्री डॉ. सबा अहमद, झाविमो के केंद्रीय महासिचव रमेश कुमार राही, जिला अध्यक्ष ज्ञान रंजन सिन्हा, योगेंद्र यादव आदि थे।