बाबूलाल ने मांगे बालाकोट में आतंकियों के मारे जाने के सबूत, कहा-चुनावी लाभ लेना चाहती भाजपा
नोटबंदी कर मोदी सरकार ने कहा था कि इससे आतंकियों की कमर टूट जायेगी और आतंकी घटनाएं खत्म हो जायेगी। पर ऐसा कुछ हुआ नहीं। मोदी शासनकाल में जनता को छला जा रहा है।
धनबाद, जेएनएन। पाकिस्तान के बालाकोट में सर्जिकल एयर स्ट्राइक में तीन साै आतंकी मारे जाने का सबूत मांगने वालों की कतार में प. बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बाद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी भी खड़े हो गए हैं। उन्होंने कहा है कि एयर स्ट्राइक में तीन सौ आतंकी मारे जाने की कोई अधिकारिक पुष्टि नहीं है। केन्द्र सरकार इसमें तीन सौ से अधिक आतंकियों के मारे जाने और उनके ट्रेनिंग कैंप को नष्ट करने का दावा कर रही है। पर अधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि ना सरकार कर रही है और ना ही एयर फोर्स के अधिकारी।
झारखंड विकास मोर्चा प्रमुख मरांडी ने शनिवार की रात बरवाअड्डा स्थित अपना ढाबा में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि सेना के सर्जिकल स्ट्राइक और उनकी वीरता पर कोई संदेह नहीं है। लेकिन, तीन सौ से अधिक आतंकियों के मारे जाने का प्रचार कर मोदी सरकार चुनावी लाभ लेना चाहती है, जो गलत है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी कर मोदी सरकार ने कहा था कि इससे आतंकियों की कमर टूट जायेगी और आतंकी घटनाएं खत्म हो जायेगी। पर ऐसा कुछ हुआ नहीं। मोदी शासनकाल में जनता को छला जा रहा है। लोक सभा चुनाव के सवाल पर उन्होंने कहा कि रांची में राहुल गांधी के साथ मंच साझा किया था। उनसे भी बात हुई है कि राज्य में गठबंधन के तहत चुनाव लड़ा जायेगा। झारखंड सरकार द्वारा बिजली दर बढ़ाने पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता की जेब खाली करवा रही है। जब तक भाजपा की सरकार रहेगी तब तक जनता महंगाई की मार झेलती रहेगी। इसलिए देश हित में सत्ता परिवर्तन जरुरी है।
सर्वोदय यात्रा को बाबूलाल मरांडी ने दिखाई हरी झंडीः झाविमो की नीतियों और उद्देश्यों के साथ ही बाबूलाल मरांडी के मुख्यमंत्रित्व काल में झारखंड में हुए कार्यों को जन जन तक पहुचने के लिए रविवार को सर्वोदय यात्रा धनबाद के रणधीर वर्मा चाैक से शुरू हुई। झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने इस यात्रा को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। यह यात्रा पूरे धनबाद जिला में भ्रमण करेगी। यात्रा के दौरान 20 मिनट का एक वृत चित्र दिखया जाएगा। मरांडी ने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह से जन विरोधी हो गई है। अब वक्त आ चुका है कि इसे राज्य से बेदखल किया जाए। इसलिए जनता को सरकार की हकीकत से वाकिफ करना है। बाबूलाल मरांडी ने विंग कमांडर अभिनदंन की देश वापसी की सराहना की और ये भी कहा कि पाकिस्तान भारत से डरा नही है। जो दावे किए जा रहे हैं वे खोखले हैं। अभिनदंन की रिहाई के बाद ही पाकिस्तान की ओर से भारत पर गोला दागा गया। इस माैके पर झाविमो के केंद्रीय महासचिव रमेश राही, जिलाध्यक्ष ज्ञान रंजन सिन्हा, सरोज सिंह, दिलीप चौधरी, गौतम मंडल, चंदन गुप्ता समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।