धनबाद के जीतेंद्र सिंह तोमर की वेब सीरीज में होगा सस्पेंस का तड़का
धनबाद कोयलांचल के म्यांग चांग पूजा चटर्जी जीशान कादरी समेत कई ऐसे नाम है जिन्होंने माया
धनबाद : कोयलांचल के म्यांग चांग, पूजा चटर्जी, जीशान कादरी समेत कई ऐसे नाम है जिन्होंने माया नगर मुम्बई में अपना पैर जमाया है। इस कड़ी में अब एक नया नाम सामने आया है तेतुलमारी के युवा जीतेंद्र सिंह तोमर का। जीतेंद्र इन दिनों एक वेब सीरीज का निर्देशन कर रहे हैं। शीघ्र ही इसे बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया जाएगा। जीतेंद्र की यह पहली वेब सीरीज है, लेकिन इसके पहले वे छोटे पर्दे पर मशहूर हास्य धारावाहिक तारक मेहता का उल्टा चश्मा के साथ और अदालत में भी काम कर चुके हैं। वे तारक मेहता के उल्टा चश्मा के प्रोडक्शन से भी जुड़े हुए थे। शॉर्ट फिल्म कौटम्बी में भी उन्होंने अभिनय किया है।
तोमर ने बताया कि वे स्नातक हैं और धारावाहिकों से अपने कैरियर की शुरुआत की। सहायक निर्देशक की भूमिका में काम करते हुए ही उन्हें जी म्यूजिक कंपनी में वीडियो म्यूजिक बनाने का मौका मिला। सुरमयी नैना तेरे नाम से बने इस वीडियो को ऑनलाइन चार लाख से अधिक दर्शकों ने देखा और पसंद किया। जीतेंद्र वेब सीरीज के साथ ही जी म्यूजिक के एक नए वीडियो के लिए भी काम कर रहे हैं। अब तक वे 15 से अधिक म्यूजिक वीडियो का निर्देशन कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि उनकी वेब सीरीज क्राइम थ्रीलर है। इसके तीन पार्ट बनेंगे। हर पार्ट में दर्शकों को जबरदस्त सस्पेंस का आभास होगा।
झारखंड में फिल्म सिटी की इच्छा : तोमर ने बताया कि मुंबई के अलावा दक्षिण भारत में भी फिल्म सिटी का निर्माण हो चुका है। उत्तर प्रदेश सरकार नोएडा में भव्य फिल्म सिटी का निर्माण कर रही है। ऐसे में जरुरी है कि झारखंड सरकार भी इस दिशा में प्रयास करे। यहां के कलाकारों के लिए यह बहुत ही अहम होगा। वे अपना अगला प्रोजेक्ट झारखंड में ही करना चाहते हैं। जीतेंद्र धनबाद आने के बाद यहां नाट्य संस्था द ब्लैक पर्ल्स के कलाकारों से भी मिले। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही इन कलाकारों के साथ काम करेंगे।