BBMKU: तोपचांची और बाघमारा में खुलेंगे रोजगारोन्मुख प्रोफेशनल कॉलेज, शिक्षकों की भी होगी नियुक्ति
BBMKU: उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के प्रधान सचिव ने घोषणा की कि तोपचांची और बाघमारा में नए प्रोफेशनल कॉलेज बनेंगे, जिनमें रोजगारोन्मुख कोर्स पढ़ाए जाएंगे।

बीबीएमकेयू के सभी एचओडी और कालेजों के प्राचार्यों के साथ समीक्षा बैठक करते उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के प्रधान सचिव राहुल पुरवार।(फोटो जागरण)
जागरण संवाददाता, धनबाद। तोपचांची और बाघमारा में प्रोफेशनल कालेज बनेंगे। इसका ड्राफ्ट तैयार किया जा रहा है। राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रोफेसर एवं जानकारों से कोर्स को लेकर सुझाव मांगा जा रहा है। कई प्रोफेशनल कोर्स पर सहमति भी बन गई है।
रोजगारउन्मुख कोर्स पर फोकस होगा। इनमें एआइ, बीबीए, बीसीए, इतिहास से जुड़े ऐसे काेर्स जिसे करने के बाद छात्रों को रोजगार मिले, आदि शामिल हैं। अगले दो वर्ष में दोनों प्रखंडों में प्रोफेशनल कालेज में एडमिशन शुरू हो जाएगा। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के प्रधान सचिव राहुल पुरवार ने मंगलवार को बीबीएमकेयू में समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से यह बात कही। इससे पहले उन्होंने बीबीएमकेयू के सभी एचओडी और कालेजों के प्राचार्यों संग विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि अगले वर्ष से विवि और कालेजों में झारखंड विश्वविद्यालय सेवा आयोग (झारखंड यूनिवर्सिटी सर्विस कमीशन) के अंतर्गत शिक्षकों की नियुक्ति होगी। यह आयोग पहले जेपीएससी और जेएसएससी की ओर से विश्वविद्यालय स्तर पर की जाने वाली नियुक्तियों का कार्य संभालेगा। बीबीएमकेयू में 77 करोड़ एवं पांच करोड़ रुपये की लागत से लैब, लाइब्रेरी, फर्नीचर और अन्य उपकरणों की खरीदारी का मामला लटका हुआ है।
पांच करोड़ की राशि 18 जुलाई को लैप्स हो जाएगी। इस पर प्रधान सचिव ने कहा कि राशि रिवाइव करा दिया जाएगा और लैब-लाइब्रेरी की दिक्कतें भी दूर कर ली गई हैं। अक्टूबर-नवंबर से छात्रों को इनकी सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। जिला प्रशासन की ओर से 12 एकड़ पीके राय मेमोरियल कालेज, पांच एकड़ ला कालेज, पांच एकड़ बिजनेस कालेज और पांच एकड़ एग्जामिनेशन विभाग के लिए जमीन मिल चुकी है।
बिजनेस कालेज का कार्य जल्द शुरू होगा। बीबीएमकेयू में आठ करोड़ के सेंट्रल एसी के बंद होने पर कहा कि यह कार्य विवि को आपसी समन्वय के साथ करना होगा। बंद करना कोई हल नहीं है। इस अवसर पर प्रधान सचिव राहुल कुमार पुरवार ने बिनोद बाबू की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। कुलपति प्रो.रामकुमार सिंह ने प्रधान सचिव को अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न एवं पौधा देकर सम्मानित किया।
बीबीएमकेयू परिसर के सेकेंड फेज का डीपीआर एक सप्ताह के बनाएं
- बीबीएमकेयू परिसर के सेकेंड फेज का फाइनल डीपीआर एक सप्ताह के अंदर बनाने का निर्देश।
- नावाडीह बोकारो में डिग्री कालेज नवंबर माह में होगा हैंडओवर।
- न्यू वूमेंस कालेज बोकारो एवं आरएसपी कालेज के कार्य अतिशीघ्र शुरू कराने का आदेश।
- आरएस मोर कालेज की बाउंड्रीवाल दो माह में होगी पूरी।
- बीबीएमकेयू में आडिटोरियम का कार्य एक सप्ताह में होगी शुरू।
- मैथन कालेज में फर्निशिंग, एसएसएलएनटी कालेज का कार्य नवंबर तक पूर्ण होने की संभावना।
- सीएम फेलोशिप प्रचार प्रसार हो एवं सही छात्र को इसका लाभ मिले।
- क्षेत्रीय एवं जनजातीय भाषा की की पढ़ाई सेंट्रलाइज स्थान पर पढ़ने पर विचार विमर्श।
- पुरानी सभी समस्याओं पर सभी कालेज के प्राचार्य कुलसचिव से मिलकर अतिशीघ्र निष्पादन करने को निर्देश।
- विभिन्न कालेज में लाइब्रेरी एवं लैब आदि पर लैप्स हुई राशि के लिए फिर से नया प्रस्ताव भेजें।
विवि का काम पढ़ाना, टेंडर करना नहीं
बीबीएमकेयू एवं संबद्ध कालेजों में पिछले एक वर्षों से आउटसोर्स कर्मियों का टेंडर नहीं हुआ है। तीन-तीन माह के लिए सिर्फ मौखिक एक्सटेंशन दिया जा रहा है। इसपर प्रधान सचिव राहुल पुरवार ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा विवि का कार्य पढ़ाई सुचारू रूप से कराना है, टेंडर नहीं। जिला स्तर पर योजना बनाकर इनसे कार्य लिया जा सकता है।
प्रधान सचिव के आते ही चलने लगा फाउंटेन
बीबीएमकेयू परिसर में कई माह से फाउंटेन सुविधा बंद है। मंगलवार को प्रधान सचिव के दौरे को देखते हुए इसे दुरुस्त करा लिया गया। सिर्फ यही नहीं परिसर में बिजली, पानी और सफाई की व्यवस्था भी ठीक रही। अमूमन ऐसा होता नहीं है।
