DC साहब! निजी हॉस्टल व लॉज वाले मांग रहे 4 महीने का किराया, शुल्क माफी को लेकर उपयुक्त से लगाई गुहार Dhanbad News
झारखंड छात्र मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने धनबाद उपायुक्त से मुलाकात की। बताया कि लॉकडाउन की अवधि में निजी लॉज व छात्रावास प्रबंधन मासिक शुल्क को लेकर छात्रों पर दबाव बना रहे हैं।
धनबाद, जेएनएन। डीसी साहब! निजी हॉस्टल और लॉज वाले चार महीने का किराया मांग रहे हैं। छात्रों के लिए इतना किराया देना संभव नहीं है। प्रशासनिक स्तर पर शुल्क माफी की व्यवस्था की जाए। यह कहना था झारखंड छात्र मोर्चा के प्रतिनिधियों का। बुधवार को मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय सचिव मनोज रवानी के नेतृत्व में धनबाद उपायुक्त से मिला। बताया कि देश व्यापी लॉकडाउन की अवधि में निजी लॉज व छात्रावास प्रबंधन मासिक शुल्क को लेकर छात्रों पर अनुचित दबाव बना रहे हैं।
इस संबंध में जिला प्रशासन से गंभीरतापूर्वक विचार कर आवश्यक दिशा निर्देश देने का आग्रह किया। मोर्चा प्रतिनिधियों ने बताया राज्य के सभी जिलों में जिला प्रशासन को मांगपत्र सौंपकर शुल्क माफी का आग्रह किया जा रहा है, ताकि छात्रों और उनके अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ ना पड़े। प्रतिनिधिमंडल में बीबीएमके विश्वविद्यालय अध्यक्ष आशीष पासवान, जिला अध्यक्ष समीर रवानी, जिला सचिव दीपक महतो, केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य किशोर महतो, जिला कार्यसमिति सदस्य होरिल रवानी उपस्थित थे।