Jharkhand Congress: कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाई में आरपीएन का ग्रामीण विकास मंत्री ने किया बचाव, कहा- प्रदेश प्रभारी के साथ संगठन एकजुट
मंत्री ने कहा कि झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार अच्छा काम कर रही है। यह सरकार पांच साल का कार्यकाल बेहतर ढंग से पूरा करेगी। विपक्ष के पास मुद्दे नहीं है। सरकार गांव-गरीब किसान के बारे में चिंता कर रही है। इस सरकार ने कई काम किए हैं।
बोकारो, जेएनएन। आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देकर डॉ. अजय कुमार के कांग्रेस में शामिल होने के बाद झारखंड में कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति सड़क पर आ गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने झारखंड के पार्टी प्रभारी आरपीएन सिंह पर प्रदेश में कांग्रेस को खत्म करने का आरोप लगाया है। उन्होंने यह भी कहा है कि आरपीएन सिंह राहुल गांधी का नाम बेचते हैं। इसस ताजा विवाद पर झारखंड के ग्रामीण विकास मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आलमगीर आलम ने आरपीएन का बचाव किया है। उन्होंने कहा है कि झारखंड प्रदेश कांग्रेस का पूरा संगठन प्रदेश प्रभारी के साथ है।
झारखंड में 1 लाख यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य : आलम ने गुरुवार को बोकारो में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि फुरकान अंसारी का बयान व्यक्तिगत है। पूरा संगठन आरपीएन सिंह के साथ एकजुट है। अंसारी को मीडिया में अपनी बात रखने के बजाय पार्टी मंच पर रखना चाहिए। आलमगीर स्वेच्छिक रक्तदान दिवस के माैके पर बोकारो रेड क्रास सोसायटी में हेल्पिंग हैंड नामक संस्था द्वारा आयोजित रक्तदान कार्यक्रम का उद्घाटन करने पहुंचे थे। कहा कि प्रदेश में एक लाख यूनिट स्वैच्छिक रक्त संग्रह करने का लक्ष्य रखा गया गया है। सभी लोगों से अपील है कि वे रक्तदान जरूर करें।
संविदाकर्मियों की बेहतरी के लिए सरकार कर रही काम: मंत्री ने कहा कि झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार अच्छा काम कर रही है। यह सरकार पांच साल का कार्यकाल बेहतर ढंग से पूरा करेगी। विपक्ष के पास मुद्दे नहीं है। सरकार गांव-गरीब किसान के बारे में चिंता कर रही है। इस सरकार ने कई काम किए हैं। 2 हजार करोड़ रुपये किसानों का ऋण माफ करने के लिए दिया जा रहा है। राज्य में जितने में संविदाकर्मी है उनकी बेहतरी के लिए प्रयास किया जा रहा है। सभी का सर्वेक्षण कराने का काम हो रहा है। सर्वेक्षण के बाद जो भी सबसे बेहतर होगा उसे किया जाएगा। आलम ने कहा कि मनरेगा में काम दिया जा रहा है। पंचायतों में पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। 15 वें वित्त आयोग से मिली राशि को खर्च करने के लिए राज्य सरकार की ओर से गाइड लाइन जारी कर दिया गया है। जिलों को पहले से भी मौखिक निर्देश दिया गया था कि वे राशि को खर्च करें। ऑनलॉक-5 के गाइड लाइन केन्द्र सरकार ने जारी कर दिया है अब उसी आलोक में राज्य सरकार गाइडलाइन जारी करने वाली है। 15 अक्टूबर से सिनेमा हॉल सहित अन्य काम प्रारंभ हो रहा है।
फुरकान को सोच-समझ कर बोलना चाहिए: कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि फुरकान अंसारी का बयान राष्ट्रीय अध्यक्ष के आदेश को चुनौती देने वाला और संगठन को नुकसान पहुंचाने वाला है। आरपीएन सिंह के नेेतृत्व में कांग्रेस ने अपना बेहतर प्रदर्शन किया है। दूसरे दल के दो विधायक कांग्रेस में शामिल हुए हैं। इसलिए फुरकान अंसारी बड़े नेता रहे हैं उन्हें कुछ भी सोच- समझकर बोलना चाहिए। मौके पर जिलाध्यक्ष मंजूर अंसारी, डॉ. परिंदा सिंह, जमील अख्तर, अनूप पाण्डेय, गोपाल मुरारका सहित अन्य उपस्थित थे।