Jharkhand Panchayat Chunav 2022: समाप्त हुआ दूसरे चरण का चुनाव, करीब 73 फीसद वोट पड़े
Jharkhand Panchayat Chunav 2022 LIVE पंचायत चुनाव 2022 के दूसरे चरण में आज बाघमारा एवं धनबाद सदर प्रखंड में मतदान किया गया। सुबह सात बजे से दोपहर बाद तीन बजे तक मतदान की प्रक्रिया जारी रही। इस दौरान कुल 73 फीसद वोट पड़े हैं। वोटों का कंपाइलेशन जारी है।
जागरण संवाददाता, धनबाद: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2022 के दूसरे चरण में आज बाघमारा एवं धनबाद सदर प्रखंड में मतदान हुआ। सुबह सात बजे से दोनों प्रखंड क्षेत्र की कुल 73 पंचायतों में चल रही वोटिंग की प्रक्रिया दोपहर बाद तीन बजे समाप्त हो गई। दोनों प्रखंडों को मिलाकर मतदान समाप्त होने तक करीब 73 प्रतिशत वोटिंग हुई है। हालांकि कुल मतदान का कंपाइलेशन जारी है। कुछ देर में स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी। इधर, छिटपुट मामलों को छोड़कर अन्य सभी केंद्रों पर मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही।
पाॅलीटेक्निक जाने वाले सभी रास्ते किए गए बंद, पुलिस का पहरा: दूसरे चरण में बाघमारा व धनबाद प्रखंड में पड़े वोटों की गिनती 22 मई को धनबाद पाॅलीटेक्निक में होगी। इसको लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। पाॅलीटेक्निक जाने वाले सभी रास्तों को गुरुवार दोपहर दो बजे से बंद कर दिया गया है। चंद्रशेखर आजाद चौक से बिनोद बिहारी चौक तक के इस रास्ते पर फिलहाल आवागमन बाधित रहेगा। पांडरपाला से शहर आने वाले लोगों को बिरसा मुंडा पार्क की ओर से होकर आना पड़ेगा। वहीं शहर से उधर जाने वालों को भी इसी रास्ते का इस्तेमाल करना होगा। इधर दो बजे से इन सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह से सख्त है। सुरक्षा में तैनात जवानों में जिला पुलिस के अलावा जगुआर व आइआरबी के जवान शामिल हैं। बाघमारा प्रखंड में चुनाव होने के बाद बैलेट बाॅक्स को बिनोद बिहारी चौक होते हुए पाॅलीटेक्निक तक पहुंचाया जाएगा। पुटकी क्षेत्र में भी चुनाव होने के बाद इसी रास्ते से पाॅलीटेक्निक तक बैलेट बाक्स लाए जाएंगे।
बाघमारा के एक बूथ पर मतदान बाधित: बाघमारा और धनबाद में आज सुबह 7:00 बजे से सभी मतदान केंद्रों पर मतदान शुरू हो गया। इस बीच बाघमारा के बूथ संख्या 485 पर मतपेटी में खराबी आ जाने के कारण मतदान की प्रक्रिया करीब पौने तीन घंटे तक बाधित रही। सुबह करीब पौने 10 बजे यहां मतदान दोबारा शुरू हुआ। बताया जाता है कि पहली मतपेटी में खराबी आने के बाद अधिकारियों ने उसे बदलने की कोशिश की, लेकिन दूसरी मतपेटी में भी खराबी आ गई थी। बताया जाता है कि मतपत्र डालने वाली पेटी का लाॅक नहीं खुल रहा था।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त संदीप सिंह के निर्देशानुसार, क्लस्टर से पोलिंग पार्टियां मतदान से कुछ घंटे पूर्व ही अपने-अपने बूथों पर पहुंच गई और मतदान को शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की। मतदाताओं में वोटिंग करने के लिए भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। बूथों पर सुबह से ही मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए कतारबद्ध होकर खड़े है। प्रशासनिक पदाधिकारियों ने बताया कि हर बूथ पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के साथ पेयजल, शौचालय सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
देखते बन रहा मतदाताओं का उत्साह: मतदान के लिए पहुंच रहे मतदाताओं का उत्साह देखते बन रहा था। मौसम थोड़ा गर्म था, इसलिए लोग पहले पहर में ही वोटिंग कर घर लौटना चाह रहे थे। राजगंज में बूथ संख्या 67 पर मतदान के लिए महिलाओं और युवतियों की लंबी लाइन लगी रही। उल्लेखनीय है कि चुनाव के दूसरे चरण में 19 मई को बाघमारा की 61 और धनबाद की 12 पंचायतों में चुनाव कराया गया है। बाघमारा में 668 व धनबाद में 118 मतदान केंद्र तैयार किए गए थे। बाघमारा में 130541 पुरुष, 115270 महिला व एक थर्ड जेंडर तथा धनबाद में 23712 पुरुष व 20811 महिला मतदाता को लेकर कुल 2 लाख 90 हजार 335 मतदाता हैं।
झारखंड का सबसे बड़ा प्रखंड है बाघमारा: धनबाद का बाघमारा प्रखंड पूरे राजय में सबसे बड़ा है। यहां की 61 पंचायतों में मतदान कराने के लिए 668 पोलिंग पार्टियों को लगाया गया था। बाघमारा की 668 बूथों के लिए 62 सेक्टर व 73 क्लस्टर बनाए गए थे।
21 से 27 अप्रैल तक हुआ था नामांकन, 22 मई को होगी मतगणना: दूसरे चरण के चुनाव में विभिन्न पदों के लिए 21 से 27 अप्रैल तक नामांकन दाखिल किया गया था। नामांकन पत्रों की जांच 28 से 30 अप्रैल तक हुई, जबकि दो मई को उम्मीदवारों को नाम वापस लेने का मौका मिला था। चार मई को चुनाव मैदान में बचे शेष उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। आज मतगणना के बाद 22 मई को राजकीय पॉलीटेक्निक में वोटों की गिनती की जाएगी।
486 बूथ संवेदनशील: द्वितीय चरण के मतदान के लिए 606 भवन में 786 मतदान केंद्र बनाए गए थे। इसमें 103 सामान्य, 486 संवेदनशील तथा 197 अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र थे। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में जिला परिषद के आठ, पंचायत समिति सदस्य के 79, मुखिया के 73 तथा वार्ड सदस्य के 786 पदों सहित कुल 946 पदों के लिए मतदान हो रहा था। इसमें 542 पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।
सुबह 6 बजे से कार्यरत है जिला नियंत्रण कक्ष: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2022 के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। जिला नियंत्रण कक्ष से सभी सेक्टर पदाधिकारियों से संपर्क स्थापित कर मतदान के संबंध में आवश्यक जानकारियां जुटाई जा रही थी।
इसके सफलतापूर्वक क्रियान्वयन के लिए 15 कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो तीन शिफ्ट में अपने कर्तव्य का निर्वाहन कर रहे हैं। जिला नियंत्रण कक्ष का टेलीफोन नंबर 0326-2311217 व 0326-2311807 है। साथ ही प्रखंड स्तर पर भी नियंत्रण कक्ष का गठन संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा किया गया है।