यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 22, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jharkhand Weather: झारखंड के मौसम को लेकर आया बड़ा अपडेट, 24 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट; यहां जाने वेदर रिपोर्ट
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के चलते धनबाद में मूसलाधार बारिश हुई जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। शहर ...और पढ़ें

HighLights
- धनबाद में गरज के साथ झमाझम बारिश शुरू |
- शहर के कई हिस्सों में जलप्रलय जैसे हालात |
- 24 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी जारी |
जागरण संवाददाता, धनबाद। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर से धनबाद में गुरुवार से गरज के साथ झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया। जोरदार बारिश से शहर की रफ्तार थम गई। घर से बाहर निकले लोगों के कदम थम गए।
तेज बारिश से बचने को जिसे जहां जगह मिली वहीं ठिठक गए। सुबह से शुरू हुई बारिश रात तक जारी रही। लगातार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया।
शहर के कई हिस्से में जलप्रलय जैसे हालात बन गए। निचले इलाके जलमग्न हो गए तो सड़कें दरिया बन गईं। मानसून सीजन के दौरान गुरुवार को हुई बारिश ने अब तक की सबसे लंबी अवधि तक होने वाली वर्षा का रिकॉर्ड बनाया। सुबह से रात तक में लगभग 80 मिलीमीटर वर्षा हुई।
24 तक बरसेंगे बदरा, उसके बाद भी जारी रहेगी बारिश
मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है। 24 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। उसके बाद भी दो-दिन दिन बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। मौसम केंद्र रांची से जारी बुलेटिन में बताया गया कि बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर बना हुआ है।
मानसून ट्रफ भी बंगाल की खाड़ी तक औसत समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर तक फैला है। इस सिस्टम के सक्रिय होने से धनबाद के साथ-साथ बोकारो, जामताड़ा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, साहिबगंज, कोडरमा व हजारीबाग जैसे जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
कहीं-कहीं 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है। आसमानी बिजली गिरने के खतरे को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।
82 दिनों में 1095.2 एमएम बारिश, अभी 40 दिन और बाकी
मानसून सीजन एक जून से 30 सितंबर तक होता है। 122 दिनों के मानसून सीजन के 82 दिनों में अब तक 1095.2 एमएम बारिश हो चुकी है जो औसत बारिश से 50 प्रतिशत अधिक है। अभी मानसून सीजन के 40 दिन और हैं। इस दौरान भी बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं।
