विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

क्या झारखंड भाजपा का सिस्टम आउटडेटेड हो गया है? क्यों उठ रही है फॉर्मेट कर नया सॉफ्टवेयर डालने की मांग

By Digital Desk Edited By: Mritunjay Pathak
Published: Mon, 11 May 2026 02:50 PM (IST)Updated: Mon, 11 May 2026 05:03 PM (IST)

Jharkhand BJP विधानसभा चुनावों में लगातार हार रही है, खासकर ग्रामीण और आदिवासी सीटों पर। पार्टी के नेताओं की शिथिलता और गलत रणनीतियों के कारण शहरी गढ़ भी गंवा दिए गए हैं, जिससे सिस्टम को अपडेट करने की मांग उठ रही है।

भाजपा के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनता झारखंड। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

भाजपा के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनता झारखंड। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

HighLights

  1. झारखंड भाजपा विधानसभा चुनावों में लगातार हार रही है।

  2. ग्रामीण और आदिवासी सीटों पर जीतना मुश्किल हो रहा।

  3. गलत रणनीतियों से शहरी गढ़ भी गंवाए गए हैं।

मृत्युंजय पाठक, धनबाद। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव-2026 (West Bengal Chunav) में बंपर जीत और सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व से लेकर सामान्य कार्यकर्ता तक फूले नहीं समा रहा है। हालांकि, झारखंड भाजपा के लिए इस बड़ी जीत में शरीक होना बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना की तरह है। पश्चिम और मध्य भारत में झारखंड एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां भाजपा का शासन नहीं है। झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की सरकार है।

भाजपा की दुखती रग बना झारखंड

झारखंड राज्य चारों तरफ से उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल से घिरा हुआ है। इन्हीं पांच राज्यों की सीमाएं झारखंड से लगती हैं। अब पांचों राज्यों में भाजपा की सरकार है। केवल झारखंड ही ऐसा राज्य है, जहां भाजपा की सरकार नहीं है और यह निश्चित रूप से केंद्रीय नेतृत्व को खटक रहा होगा।

अब जब जनसंघ और भाजपा के जन्म से लेकर अब तक की यात्रा में चुनावी सफलता की दृष्टि से सबसे कठिन राज्यों-तमिलनाडु, केरल और पश्चिम बंगाल-में से एक बंगाल में भाजपा की जीत हो चुकी है, तो निश्चित रूप से झारखंड भाजपा के नेता और कार्यकर्ता अंदर ही अंदर आत्मग्लानि महसूस कर रहे होंगे।

गंगोत्री से गंगासागर के बीच झारखंड में सूख गया कमल 

केंद्रीय नेतृत्व जब अपने संबोधन में यह कहते हुए इतराता है कि गंगोत्री से गंगासागर तक भाजपा का कमल खिल चुका है, तो ध्यान देने पर यह तकनीकी रूप से सही नहीं है। गंगोत्री और गंगासागर के बीच बिहार के आगे और पश्चिम बंगाल से पहले झारखंड में भी गंगा बहती है।

झारखंड के राजमहल में गंगा करीब 40-45 किलोमीटर तक बहती है। बावजूद इसके भाजपा झारखंड में पिछले दो विधानसभा चुनाव-2019 और 2024-हार चुकी है। और जो स्थिति है, उसमें आगे भी जीत की राह बहुत मुश्किल दिख रही है। क्योंकि बांग्लादेशी घुसपैठ और जनसांख्यिकीय बदलाव के कारण भाजपा के लिए समीकरण दुरूह होते जा रहे हैं।

भाजपा के लिए कठिन होते सामाजिक समीकरण

2011 की जनगणना के अनुसार, झारखंड में मुस्लिम आबादी 14.53 प्रतिशत, आदिवासी 26.28 प्रतिशत और ईसाई 4.3 प्रतिशत हैं। यानी करीब 44-45 प्रतिशत आबादी फिलहाल भाजपा के साथ नहीं मानी जाती। मुस्लिम और ईसाइयों का भाजपा से दुराव वैचारिक है, लेकिन आदिवासियों का भाजपा के पक्ष में न होना यहां के आदिवासी नेतृत्व की क्षमता पर भी सवाल खड़े करता है।

आदिवासी नेतृत्व की समक्षा पर सवाल 

झारखंड में आदिवासियों के लिए विधानसभा की 28 सीटें आरक्षित हैं। इनमें से सिर्फ एक सीट (पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन) भाजपा के पास है। यह आंकड़ा आदिवासियों के बीच भाजपा की पकड़ समझने के लिए काफी है। भाजपा के आदिवासी चेहरे-पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी (भाजपा विधायक दल के नेता) और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा-में अब आदिवासियों के लिए पहले जैसा आकर्षण नहीं रहा। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की भी कोई अपील नहीं है। 

हालांकि, केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार और भाजपा ने आदिवासी हित और आदिवासियों को राजनीति में आगे बढ़ाने के लिए अभूतपूर्व निर्णय लिए हैं। ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भाजपा के मुख्यमंत्री आदिवासी हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भी आदिवासी हैं। इसके बावजूद झारखंड के आदिवासियों के बीच भाजपा की बात और आदिवासी हित में किए जा रहे कार्यों को पहुंचाने के लिए जमीनी स्तर पर कोई नेता सक्रिय नहीं दिख रहा है।

क्या झारखंड BJP को चाहिए नया सिस्टम 

बंगाल चुनाव के बाद इंटरनेट मीडिया में कहा जा रहा है कि झारखंड में भाजपा के लिए आगे का सफर भी मुश्किल लग रहा है, क्योंकि न नेता है, न संगठन और न इच्छाशक्ति। माउंटेन बाइक राइडर और झारखंड की बेटी कंचन उगुरसांडी, जो खुद को भाजपा की विचारधारा से जोड़ती हैं, उन्होंने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद झारखंड को लेकर एक्स पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट किया है। इसमें उन्होंने झारखंड भाजपा के सिस्टम को फॉर्मेट कर नया सॉफ्टवेयर डालने की मांग की है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।