झरिया-बलियापुर सड़क पर अब नहीं खाना होगा खिचकोले, बीसीसीएल ने शुरू की मरम्मत
जर्जर झरिया-बलियापुर मुख्य सड़क की मरम्मत के लिए बीसीसीएल प्रबंधन ने पहल शुरू कर दी है। गोलकडीह के परियोजना पदाधिकारी एसबी वर्णवाल की ओर से सड़क मरम्मत के लिए कई स्थानों पर छाई मिट्टी पत्थर गिराए गए हैं।
झरिया: जर्जर झरिया-बलियापुर मुख्य सड़क की मरम्मत के लिए बीसीसीएल प्रबंधन ने पहल शुरू कर दी है। गोलकडीह के परियोजना पदाधिकारी एसबी वर्णवाल की ओर से सड़क मरम्मत के लिए कई स्थानों पर छाई, मिट्टी, पत्थर गिराए गए हैं। परियोजना पदाधिकारी ने बताया कि सड़क की स्थिति जगह-जगह खराब हो गई है। इस सड़क पर कई जगहों पर बड़े-बड़े गढ्डे बन गए थे। जिसके कारण यहां से गुजरने वाले लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। खासकर वृद्ध व गर्भवती महिलाओं को ज्यादा तकलीफ होती थी। अब इन गड्ढों की भराई की जा रही है। बड़े गड्ढे की भराई के लिए पत्थर व छाई गिराए गए हैं। सड़क की मरम्मत के लिए कई मशीन भी लगाए जा रहे हैं। डोजर, डंपर, ग्रेडर, पेलोडर लगाकर मरम्मत के बाद सड़क का समतलीकरण कराया जाएगा। ताकि लोगों को आवागमन मे कोई असुविधा ना हो सके। उन्होंने कहा कि सीएसआर के तहत विकास का काम होगा। पहली प्राथमिकता सड़क मरम्मत की है। बताते हैं कि संयुक्त मोर्चा की ओर से सड़क मरम्मत ना किए जाने पर पिछले दिनों प्रबंधन को अल्टीमेटम दिया था। मोर्चा ने कहा था कि 30 नवंबर तक अगर इस सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो सड़क जाम व आंदोलन किया जाएगा। चेतावनी को देखते हुए प्रबंधन की ओर से मरम्मत शुरु की गई। वहीं प्रबंधन का कहना है कि सड़क खराब है। इसे हम बनाएंगे। संयुक्त मोर्चा के युदेश्वर सिंह ने कहा कि यह केवल खानापूíत हो रही है। हम लोग जब तक ठोस तरीके से सड़क की मरम्मत नहीं की जाती है तो आदोलन से पीछे नहीं हटेंगे। जोरदार आदोलन होगा।