झरिया, संवाद सहयोगी: झरिया स्थित चिल्ड्रन पार्क में शुक्रवार की सुबह टहलने के लिए आई एक युवती से छेड़खानी का मामला सामने आया है।
बताया गया कि जब युवती पार्क में टहल रही थी, तब पार्क में कुछ युवक भी बैठे थे। इसी दौरान पार्क में किसी के नहीं होने का फायदा उठाते हुए इन युवकों ने युवती के साथ छेड़खानी शुरू कर दी, लेकिन इन्हें छेड़खानी करना महंगा पड़ गया।
युवती ने सरेआम इन युवकों को धुनाई कर दी। पिटाई होता देख आसपास के लोग पार्क में पहुंच गए। लोगों ने भी युवकों की पिटाई कर दी।
मामला बढ़ता देख युवकों ने अपने अन्य साथियों को पार्क में बुला लिया। मामला तनावपूर्ण होता देख स्थानीय लोगों ने झरिया थाना की पुलिस को जानकारी दी। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही सभी युवक भाग खड़े हुए। इसके बाद युवती भी अपने घर को चली गई।
आसपास के लोगों ने बताया कि महिलाओं-लड़कियों से छेड़खानी यहां नई बात नहीं है। पुलिस प्रशासन की लापरवाही से आए दिन चिल्ड्रन पार्क में अराजक तत्व का जमावड़ा लगा रहता है। सुबह से रात तक नशेड़ी शराब पीते रहते हैं।
लोगों ने कहा कि उक्त पार्क में आए दिन युवती महिला व अन्य लोग टहलने के लिए आते हैं। झरिया थानेदार पंकज कुमार झा ने बताया कि जानकारी मिलते ही पुलिस की गश्ती दल पहुंची था, लेकिन वहां से सभी आरोपी फरार हो गए थे। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।