जीतपुर से चंद्रपुरा जाने वाली सड़क जर्जर, नुकीले पत्थरों पर चलने को लोग मजबूर Dhanbad News
तोपचांची प्रखंड के जीतपुर दुर्गा मंदिर से लेकर चैता रेलवे फाटक जाने वाली सड़क की स्थिति बद से बदतर हो चुकी है। इस मार्ग से होकर वाहन तो दूर लोगों का पैदल चलना दुश्वार है।
धनबाद, जेएनएन। तोपचांची प्रखंड के जीतपुर दुर्गा मंदिर से लेकर चैता रेलवे फाटक जाने वाली सड़क की स्थिति बद से बदतर हो चुकी है। इस मार्ग से होकर वाहन तो दूर लोगों का पैदल चलना दुश्वार है। पूरे सड़क में नुकिले पत्थर पर लोग चलने को मजबूर हैं। करीब दो दशक से इस सड़क का यही हाल है।
इस बीच मथुरा प्रसाद महतो व राजकिशोर महतो विधायक बने, लेकिन इस सड़क की मरम्मती की दिशा में कोई पहल नहीं किया जा सका। लोगों को लगा था कि विधायक बदलने से सड़क की हालात बदल जायेगी, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ और स्थिति बद से बदतर होते जा रही है। यह सड़क जीतपुर दुर्गा मंदिर से चैता रेलवे फाटक होते हुए खीरबाड़ी जमुनिया ब्रिज होकर चंद्रपुरा तक जाता है।
जनप्रतिनिधियों का इस सड़क पर नहीं है ध्यान
जीतपुर के विश्वभारती महतो का कहना है कि यह सड़क करीब 20 वर्ष पूर्व मोरम मिट्टी से बनाया गया था। लोगों को लगा था कि इस मार्ग के बन जाने से चंद्रपुरा की दूरी कम हो जायेगी, पर किसी ने इस दिशा में ठोस पहल नहीं किया। वहीं, धनेश्वर महतो ने कहा कि सड़क काफी दिनों से जर्जर पड़ा है। जनप्रतिनिधियों का इस दिशा में ध्यान नहीं है। अब तक नहीं बना तो फिर कब और कौन बनायेगा ईश्वर ही मालिक हैं।
किसी ने सड़क मरम्मत की बात नहीं की
रामप्रसाद महतो का कहना है कि सड़क बन जाने से आस-पास के लोगों को खेड़ाबेड़ा, तेला, चंद्रपुरा जाने की दूरी काफी कम हो गया। लेकिन आज तक किसी ने इस सड़क के मरम्मत की बात नहीं की और न ही ग्रामीणों द्वारा ही कभी आवाज नहीं उठायी गयी।