छत्तीसगढ़ की तर्ज पर धनबाद में शुरू होगी सेवा, WhatsApp पर मिलेगी बिजली कटौती और शटडाउन की जानकारी
धनबाद में बिजली उपभोक्ताओं को अब कटौती, मरम्मत और शटडाउन की सटीक जानकारी वॉट्सऐप पर मिलेगी।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
धनबाद में बिजली कटौती की जानकारी वॉट्सऐप पर मिलेगी।
जेबीवीएनएल उपभोक्ताओं को सटीक और त्वरित सूचना देगा।
यह सेवा पारदर्शिता बढ़ाएगी और शिकायतें कम करेगी।
जागरण संवाददाता, धनबाद। छत्तीसगढ़ की तर्ज पर अब धनबाद में भी जेबीवीएनएल डिजिटल पहल की ओर बढ रहा है। अब धनबाद शहर एवं आसपास के क्षेत्रों के बिजली उपभोक्ताओं को अब बिजली कटौती, मरम्मत कार्य और शटडाउन की सटीक व त्वरित जानकारी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) धनबाद अंचल में जल्द ही वॉट्सऐप ब्रॉडकास्ट ग्रुप सेवा शुरू करने जा रहा है जिससे उपभोक्ताओं को बिजली कब आएगी और कब जाएगी इसकी सीधी जानकारी उनके मोबाइल पर मिल सकेगी।
इस सेवा को लागू करने के लिए जेबीवीएनएल ने वर्तमान में रांची डिविजन के पांच प्रमंडलों में इसका ट्रायल शुरु कर दिया है।
ट्रॉयल के बाद होगा लागू
ट्रायल के सफल समापन के तुरंत बाद धनबाद समेत राज्य के सभी प्रमंडलों में इसे चरणबद्ध तरीके से लागू कर दिया जाएगा।
बिजली विभाग के महाप्रबंधक (जीएम) अशोक कुमार सिन्हा ने बताया कि इस सेवा को लागू करने के लिए धनबाद डिविजन स्तर पर वॉट्सऐप ब्रॉडकास्ट ग्रुप का निर्माण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि उपभोक्ता अपने संबंधित कार्यपालक अभियंता व अधिकारियों द्वारा उपलब्ध कराए गए माध्यम से जुड़ सकते हैं। जब भी किसी फीडर में कोई तकनीकी खराबी, फ्यूज आफ, मेंटेनेंस वर्क या बड़ा शटडाउन होगा, तो अधिकारी तुरंत ग्रुप में सूचना साझा करेंगे, जिससे उससे जुड़े सभी उपभोक्ताओं को पल-पल की जानकारी खुद-ब-खुद मिलती रहेगी।
जीएम के अनुसार इस सेवा के शुरू होने से धनबाद विद्युत अंचल के तहत विभिन्न श्रेणियों को मिलाकर लगभग पौने तीन लाख से अधिक पंजीकृत उपभोक्ताओं को अप्रत्याशित बिजली कटौती के प्रति पहले से सतर्क रहने का अवसर मिलेगा, जिससे वे अपने आवश्यक कार्य पहले निपटा सकेंगे।
वहीं, बिजली विभाग को शिकायतों का दबाव कम होने और बेहतर उपभोक्ता समन्वय का लाभ मिलेगा और यह डिजिटल पहल धनबाद में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं सुगम बनाएगी।
यह भी पढ़ें- हाथियों से बचाव के लिए धनबाद के गांव होंगे रोशन, लगेंगी सोलर हाईमास्ट लाइटें
