विधायक ढुलू पर शिकंजे को लेकर सियासत तेज, जलेश्वर बोले- बाघमारा में अब कानून का राज चलेगा Dhanbad News
जलेश्वर महतो ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बाघमारा में गुंडागर्दी व आतंक चरम पर था लेकिन अब कानून का राज चलेगा। रंगदारी व गुंडागर्दी करने वालों का दिन समाप्त हो गया।
धनबाद, जेएनएन। बाघमारा से भाजपा विधायक ढुलू महतो पर पुलिसिया शिकंजा कसने के बाद जिले की सियासी पारा चढ़ गई है। एक तरफ जहां भाजपा इसे बदले की कार्रवाई बता रही है। वहीं, दूसरी तरफ कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक जलेश्वर महतो ने कहा कि बाघमारा में अब कानून का राज चलेगा। रंगदारी व गुंडागर्दी करने वालों का दिन समाप्त हो गया।
जलेश्वर ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बाघमारा में गुंडागर्दी व आतंक चरम पर था। अब सरकार बदल गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार है। चुनाव के समय हमलोगों ने वायदा किया था कि बाघमारा को भय व आतंक से मुक्ति दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि मजदूरों का शोषण कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पूर्व विधायक ने लोडिंग मजदूरों से आह्वान करते हुए कहा कि पैसा लेने के बाद ही डंप से गाड़ी जाने दें। पैसा के लिए किसी के घर नहीं जाएं। उन्होंने कहा कि प्रति ट्रक दस हजार रुपये मजदूरी होनी चाहिए। व्यापारी निर्भीक होकर डीओ लगाए। उनका कोयला उठेगा। यदि किसी ने कोयले के उठाव को रोकने की कोशिश की तो वह कानून के शिकंजे में जाएगा।
भाजपा ने बताया दुर्भावना की कार्रवाई : धनबाद भाजपा के जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि विधायक ढुलू महतो के खिलाफ दुर्भावना में हेमंत सरकार कार्रवाई करा रही है। वहीं, विधायक के फरार होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अगर वे सामने आ जाते तो पुलिस एनकाउंटर कर देती। पुलिस पर विश्वास नहीं किया जा सकता। इसी कारण ढुलू महतो सामने नहीं आ रहे हैं। जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि ढुलू महतो के साथ रहने वाले लोगों को पकड़ कर पुलिस उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज करा रही है।