20 साल पुराना इंटक विवाद खत्म करने की पहल, तिवारी और दुबे गुट विलय को तैयार
इंटक के तिवारी और दुबे गुट 20 साल पुराने विवाद को खत्म कर विलय के लिए तैयार हैं। 29 नवंबर को दिल्ली में राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में एकजुट इंटक की रणनीति तय होगी, जिससे मजदूरों को मजबूत प्रतिनिधित्व मिलेगा।

20 साल पुराना इंटक विवाद खत्म करने की पहल, तिवारी और दुबे गुट विलय को तैयार (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
इंटक के तिवारी और दुबे गुट का विलय।
20 साल पुराना आपसी विवाद समाप्त करने की पहल।
29 नवंबर को दिल्ली में राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक।
जागरण संवाददाता, धनबाद। करीब दो दशक से चले आ रहे विवाद को खत्म कर इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) को एकजुट करने की दिशा में बड़ी पहल हो रही है। इंटक तिवारी गुट के केके तिवारी और इंटक दुबे गुट के केएन त्रिपाठी ने दोनों गुटों के विलय की तैयारी की जानकारी दी।
इसके तहत 28 और 29 नवंबर को नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर, 15 जनपथ में दोनों गुटों के नेता जुटेंगे। 29 नवंबर को होने वाली राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में एकजुट इंटक की आगे की रणनीति और संगठनात्मक स्वरूप पर निर्णय लिया जाएगा।
तिवारी गुट के अध्यक्ष व पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी व महासचिव केके तिवारी ने बताया कि कहा कि 3 मई 1947 को महात्मा गांधी के आशीर्वाद और सरदार वल्लभभाई पटेल के नेतृत्व में इंटक की स्थापना देश के मजदूरों की आवाज बनने के उद्देश्य से हुई थी, लेकिन लंबे समय तक संगठन आपसी विवाद और गुटबाजी के कारण बंटा रहा। अब इस विभाजन को समाप्त कर मजदूरों के हित में एक मजबूत संगठन खड़ा करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कोयला खदानों से लेकर इस्पात कारखानों तक, रेलवे से लेकर बैंकिंग क्षेत्र तक और संगठित से लेकर असंगठित क्षेत्र तक के मजदूरों को एक मजबूत प्रतिनिधित्व की जरूरत है। इंटक की एकजुटता इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
इस पहल के लिए कांग्रेस नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए नेताओं ने कहा कि संगठन की एकता मजदूर आंदोलन को नई ताकत देगी। संयुक्त प्रेस वार्ता में मौजूद मीडिया प्रतिनिधियों का भी आभार व्यक्त किया गया।
अब सबकी नजर 29 नवंबर को होने वाली राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक पर है। इस बैठक में होने वाले फैसले से यह स्पष्ट होगा कि करीब 20 वर्षों से चला आ रहा विवाद वास्तव में समाप्त होकर इंटक एक संगठन के रूप में आगे बढ़ पाता है या नहीं।
इंटक के तीसरे गुट रेड्डी पर टिकी निगाहें, 1 से 3 दिसंबर तक दिल्ली में अधिवेशन
इंटक के तिवारी और दुबे गुट के एकजुट होने की पहल के बीच अब सबकी निगाहें इंटक के रेड्डी गुट पर टिकी हैं। रेड्डी गुट का अधिवेशन 1 से 3 दिसंबर तक दिल्ली में प्रस्तावित है। इस अधिवेशन में संगठन की भावी रणनीति और एकता को लेकर होने वाले फैसलों पर मजदूर संगठनों की नजर रहेगी।
तिवारी और दुबे गुट के विलय की तैयारी के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या रेड्डी गुट भी इस एकता की मुहिम में शामिल होगा? यदि तीनों गुट एक मंच पर आ जाते हैं तो इंटक देश के सबसे मजबूत मजदूर संगठनों में अपनी स्थिति फिर से मजबूत कर सकता है।
इसका सीधा असर कोयला, इस्पात, रेलवे और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में मजदूरों के प्रतिनिधित्व पर पड़ सकता है। संगठन एकजुट होने पर सरकार और कंपनियों की विभिन्न श्रमिक प्रतिनिधित्व वाली समितियों में भी उसकी भागीदारी और प्रभाव बढ़ने की संभावना है।
हालांकि, फिलहाल रेड्डी गुट की ओर से विलय को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। ऐसे में 1 से 3 दिसंबर तक होने वाला अधिवेशन काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब देखना होगा कि इंटक की तीनों धाराएं एक होकर मजदूरों की साझा आवाज बनती हैं या संगठन में गुटबाजी का दौर आगे भी जारी रहता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।