आसमानी कफन में लाल को दफनाया
बरडार में बाबू तालाब के समीप एक खेत में नवजात का शव फेंक दिया
संस, राजगंज : राजगंज थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला वाकया सामने आया है। ममता का गला घोंटते हुए एक व्यक्ति ने बरडार में बाबू तालाब के समीप एक खेत में नवजात का शव फेंक दिया। शव को आसमानी रंग के शर्ट से ढक कर ऊपर से मिट्टी से दबा दिया गया था। नवजात के सिर पर चोट का निशान भी था।
उक्त व्यक्ति जब नवजात के शव को फेंक रहा था तब कुछ दूर से उसे एक लड़के ने देख लिया। लड़के ने बताया कि घटनास्थल से कुछ दूरी पर वह कुछ बच्चों के साथ केंद तोड़ रहा था। तभी उधर से वह आदमी गुजरा। उसके हाथ में एक नवजात था। उसने अपनी आसमानी कमीज खोलकर शव को ढककर खेत में रखकर मिट्टी से दबा दिया। घटना दोपहर करीब 12 बजे के आसपास की है। बच्चे ने कहा कि जब वह उधर की तरफ बढ़ा तो व्यक्ति ने कहा कि सामने मत आओ खरगोश फंसाने के लिए फंदा लगाये हैं। जब वह चल गया तो वहां जाकर देखा तो सच्चाई कुछ और थी। ग्रामीणों की सूचना पर थानेदार दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। लोगों से पूछताछ की। किसी की दावेदारी नहीं होने पर शव को बाबू तालाब के बगल में दफना दिया गया। लोगों ने बताया कि नवजात लड़का था। उसे फेंके जाने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी होती रहीं।