Move to Jagran APP

बोकारो में इंडियन रिजर्व बटालियन के जवान ने खुद को मारी गोली, पूजा ड्यूटी में जाने वाला था रांची

बोकारो में बुधवार को इंडियन रिजर्व बटालियन- आठ के 28 वर्षीय प्रशिक्षु जवान सुशील कुमार ने अपनी इंसास राइफल से खुद को गोली मार ली। साहेबगंज जिले के पुरानी साहेबगंज निवासी सुशील को तुरंत इलाज के लिए सहकर्मी बीजीएच लेकर गए जहां जवान को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

By JagranEdited By: Deepak Kumar PandeyPublished: Wed, 28 Sep 2022 01:23 PM (IST)Updated: Wed, 28 Sep 2022 01:23 PM (IST)
बोकारो में इंडियन रिजर्व बटालियन के जवान ने खुद को मारी गोली, पूजा ड्यूटी में जाने वाला था रांची
सुशील कुमार के चचेरे भाई मनोज कुमार चौधरी ने आरोप लगाया कि उसकी हत्‍या की गई है।

जागरण संवाददाता, बोकारो: बोकारो में बुधवार को इंडियन रिजर्व बटालियन- आठ के 28 वर्षीय प्रशिक्षु जवान सुशील कुमार ने अपनी इंसास राइफल से खुद को गोली मार ली। साहेबगंज जिले के पुरानी साहेबगंज निवासी सुशील को तुरंत इलाज के लिए सहकर्मी बीजीएच लेकर गए, जहां जवान को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

loksabha election banner

जवान के सीने में गोली लगी है। जवान सुशील कुमार अपने साथियों के साथ पूजा में विधि-व्यवस्था की ड्यूटी करने के लिए रांची जा रहा था। बस पर चढ़ने के पहले ही यह घटना हुई। घटना की सूचना साहिबगंज में रहने वाले जवान के स्‍वजनों को दे दी गई है। मौत की खबर से स्‍वजन सदमे में हैं।

2019 में हुई थी बहाली, जैप 4 में भेजा गया था प्रशिक्षण के लिए

वर्ष 2019 में तीन मार्च को जवान सुशील कुमार आइआरबी में भर्ती हुआ था। उसे प्रशिक्षण के लिए बोकारो जैप चार में भेजा गया था। अपने सहयोगियों के साथ वह यहां प्रशिक्षण कर रहा था। कोराना की वजह से प्रशिक्षण कई बार स्थगित हुआ। इसी वजह से नौ माह के प्रशिक्षण की जगह चार वर्ष से भी अधिक समय में भी प्रशिक्षण अवधि पूरी नहीं हो सकी। श्रावन माह में दुमका में इस जवान की ड्यूटी लगी थी। ड्यूटी समाप्त कर वह जैप चार लौटा था। इधर, पूजा में रांची में विधि-व्यवस्था की ड्यूटी के लिए अतिरिक्त फोर्स की मांग हुई थी। जैप चार से आइआरबी के प्रशिक्षु जवानों को ड्यूटी पर भेजने का आदेश हुआ। अन्य जवानों के साथ सुशील को भी ड्यूटी के लिए रांची कमान दिया गया।

बुधवार की जवान सुबह तैयार हुआ और ड्यूटी जाने के लिए बस पर चढ़ने के लिए बैरक से हथियार गोलियों के साथ निकला। अचानक बस व बैरक के बीच सुशील को गोली लगी और उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद तरह-तरह की चर्चा होने लगी। कोई कहने लगा कि दूसरे की गोली से सुशील की मौत हुई है तो वहीं किसी का कहना था कि जवान खुद हथियार को चेक कर रहा था, उसी दौरान गोली चली और उसके सीने में लगी। वहीं किसी का कहना है कि जवान ने खुद को गोली मार ली है।

मामले में बोकारो एसपी चंदन कुमार झा ने कहा कि सूचना मिलने पर मैं खुद घटनास्थल पर गया था। यहां प्रारंभिक तौर पर जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार आइआरबी आठ के प्रशिक्षु जवान सुशील कुमार ने खुद ही अपने राइफल से खुद को गोली मार ली है। फिलहाल जांच की जा रही है। अनुसंधान प्रारंभिक स्टेज में है।

चार भाइयों में सबसे छोटा था सुशील कुमार

सुशील कुमार चार भाइयों में सबसे छोटा था। साहिबगंज में बड़े भाई सज्जन चौधरी उर्फ डब्बू पीपी के साथ रहते हैं। दूसरे भाई सुमित चौधरी उर्फ बुट्टन एक ठेकेदार के साथ रहते हैं। तीसरे भाई गोपाल चौधरी ठेकेदारी करते हैं। पिता का निधन 10 साल पूर्व हो गया था। अब तक केवल बड़े भाई सुमित चौधरी की ही शादी हुई है।

स्‍वजन बोले- सुशील की हत्‍या की गई, ठीक से जांच करे पुलिस

सुशील कुमार के चचेरे भाई मनोज कुमार चौधरी ने बताया कि उनलोगों को दिन करीब साढ़े दस बजे के आसपास घटना की जानकारी मिली। इसके बाद सुशील के सभी भाई यहां से रवाना हो गए हैं। मनोज कुमार चौधरी ने बताया कि उनके भाई की हत्या की गई है। पुलिस मामले की ठीक से जांच पड़ताल करे। कहा कि धोखे से गोली चलती तो एक गोली लगती। दो-दो गोली लगी है। कपड़े भी फटे हुए हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.