मोबाइल में हनी सिंह ही नहीं इनोवेटिव चीजें भी देखें
प्रो. शेखर ने कहा कि मोबाइल पर सिर्फ हनी सिंह मत देखिए, इनोवेटिव चीजों को भी देखिये।
धनबाद : हम सबकुछ करना चाहते हैं लेकिन सबसे बड़ी समस्या है कि उसके लिये आइडिया क्या है? मैं किस तरह काम करूं कि मैं भी लेरी पेज की तरह बन जाऊं, मार्क जुकरबर्ग की तरह हो जाऊं, पर आपके पास आइडिया क्या है? उनकी तरह बनना उतना आसान भी नहीं है पर यदि आपके पास आइडिया है तो यह नामुमकिन भी नहीं है। उक्त बातें आइआइटी आइएसएम के निदेशक प्रो. राजीव शेखर ने कही। प्रो. शेखर शुक्रवार को लोअर ग्राउंड में छात्रों से रूबरू हुए।
उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आपको अपने जॉब से संतुष्ट नहीं होना चाहिए 'यू आर बेस्ट इन द वर्ल्ड' बनने के लिए आपको हर समय सोचना है कि मैं और क्या कर सकता हूं। मोबाइल पर सिर्फ हनी सिंह मत देखिए, इनोवेटिव चीजों को भी देखिये। मस्ती जरूर कीजिए पर थोड़ा समय इसके लिए भी निकालिये। उन्होंने छात्रों से कहा कि अपनी सोच को वैश्विक स्तर का बनाएं ताकि आप भी देश और दुनियां के लिए मिशाल बन सकें। इस अवसर पर कुलसचिव कर्नल एमके सिंह, सभी विभागाध्यक्ष, डीन, प्रोफेसर सहित अन्य उपस्थित थे। खास बातें - आइआइटी धनबाद को नंबर एक आइआइटी बनाना है। - रैगिंग व नशा किसी भी कीमत पर बर्दास्त नहीं की जाएगी। - रिसर्च और स्टार्टअप पर होगा विशेष ध्यान। - क्लचरल व हॉबी क्लब का होगा निर्माण। - आइएसएम में जिमखाना क्लब भी बनेगा। - लड़कियों की एंट्री टाइम को बढ़ाया जाएगा, फिलहाल उनका एंट्री टाइम 9.30 है। - बहुत जल्द होगा क्लोज कैंपस। - प्रत्येक चेकप्वाइंट पर दो माह के अंदर लगेगा सीसीटीवी कैमरा - डिसिप्लिनरी कमेटी का जल्द होगा गठन - शैक्षणिक स्तर को और फ्लैक्सेबल बनाया जाएगा - प्रत्येक महत्वपूर्ण चीजों में छात्रों की होगी भागीदारी - प्लेसमेंट को और बेहतर किया जाएगा।