Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

तिरंगे को सहेजने की नहीं है व्‍यवस्‍था तो नगर निगम को सौंप दें, पर राष्‍ट्रध्‍वज की गरिमा कम न होने दें

देश की आजादी के 75वें वर्ष के अवसर पर आजादी का अमृत महोत्सव बड़े ही हर्ष और उल्लास के साथ लोगों ने मनाया। हर गली हर घर तिरंगा लहराया गया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने इस अभियान में खुलकर अपनी भागीदारी निभाई। हर हाथ तिरंगा लहराते नजर आए।

By Deepak Kumar PandeyEdited By: Updated: Thu, 18 Aug 2022 10:43 AM (IST)
Hero Image
किसी भी तरह की समस्या होने पर नगर निगम से संपर्क कर सकते हैं।

जागरण संवाददाता, धनबाद: देश की आजादी के 75वें वर्ष के अवसर पर इस वर्ष आजादी का अमृत महोत्सव बड़े ही हर्ष और उल्लास के साथ लोगों ने मनाया। हर गली, हर घर तिरंगा लहराया गया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने इस अभियान में खुलकर अपनी भागीदारी निभाई। हर हाथ तिरंगा लहराते हुए नजर आए। 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चला। अब बारी इस तिरंगे को सहेजने की है। ध्वज सम्मान कार्यक्रम के तहत नगर निगम ने शहरवासियों से तिरंगे को सहेजने की अपील की है। इस कार्य में नगर निगम कर्मचारियों की भी मदद ली जा सकती है।

नगर आयुक्त सत्येन्द्र कुमार ने आमजनों से झंडे की हिफाजत करने की अपील की है। उन्होंने कहा सदैव राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा का ख्याल रखा जाना चाहिए। तिरंगा हमारे देश की शान, सम्मान एवं पहचान है। इसलिए झंडा कटना, फटना, गंदा या अव्यवस्थित नहीं होना चाहिए। हर घर तिरंगा अभियान के उद्देश्यों पर कहा कि स्वतंत्रता दिवस एवं आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम संपन्न हो चुका है। लोगों से आग्रह है कि झंडे को उतारकर सम्मानपूर्वक रखें या फिर नगर निगम कर्मचारियों से संपर्क कर जमा करवा दें। हवा, तेज बारिश या अन्य कारणों से अगर तिरंगा क्षतिग्रस्त हो गया हो तो ससम्मान निपटान कर दें। अभियान के दौरान सरकारी कार्यालयों, दुकान, घर और आम जगहों पर तिरंगा फहराया गया था। निश्चित रूप से लोग अब झंडा उतार चुके हैं। हालांकि कुछ जगहों पर अभी भी झंडा देखा जा रहा है और कतिपय लोग राष्ट्रीय ध्वज को निपटाने का उचित तरीका नहीं जानते हैं। इसके लिए लोगों को जागरूक भी किया जाएगा। किसी भी तरह की समस्या होने पर नगर निगम से लोग संपर्क कर सकते हैं।

नगर आयुक्त ने उम्‍मीद जताई है कि लोग तिरंगे की शान में फ्लैग कोड का पालन करेंगे और इसका सही तरीके से निस्तारण करने में अहम भूमिका निभाएंगे।