गो तस्करी का आरोप साबित हुआ तो लूंगा राजनीति से संन्यास
गऊ हमारे जैसे करोड़ों लोगों के लिए माता के समान है।
जागरण संवाददाता, निरसा। भाजपा नेता पूर्व जिला परिषद सदस्य मन्नु तिवारी ने गो तस्करी के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि मेरे खिलाफ राजनीतिक साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा, गऊ हमारे जैसे करोड़ों लोगों के लिए माता के समान है। गो तस्करी का आरोप साबित हुआ तो राजनीति से सन्यास ले लूंगा।
तिवारी ने एक अखबार के तरफ से गौ तस्करी के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान और उसमें अपना नाम घसीटे जाने पर गुरुवार को निरसा में संवाददाता सम्मेलन कर सफाई दी। कहा, साजिश के तहत भाजपा नेताओं का नाम गो तस्करी के साथ जोड़ा जा रहा है। यदि उनके खिलाफ गौ तस्करी का प्रमाण मिलता है तो वे राजनीति से संन्यास ले लेंगे।
तिवारी ने कहा खबर में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ द्वारा अपने मुख्यालय के नाम पर जारी पत्र का हवाला देकर गो तस्करी में मन्नू तिवारी, छोटू मिश्रा एवं शकील खान को सरगना बताया गया है। अखबार के पास अगर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पत्र का प्रमाण है तो प्रस्तुत करे वरना हम न्यायालय की शरण में जाकर मानहानि का दावा करेंगे। आरएसएस न तो इस तरह की रिपोर्ट तैयार करता है और न ही रिपोर्ट दी है। प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा नेता शकील खान ने कहा कि एक साल पहले उन्होंने खुद मुख्यमंत्री रघुवर दास को पत्र लिखकर निरसा के एसपीसीए प्रभारी तरुण कुमार ¨सह, उनके साले उमेश कुमार ¨सह एवं उत्तर प्रदेश दिलदारनगर के गो तस्कर आजाद खान द्वारा गो तस्करी किए जाने की शिकायत की थी।
इनकी संपत्ति की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। फिर मुझ पर कैसे गो तस्करी में शामिल होने का आरोप लगाया जा रहा है? वार्ता में भाजपा निरसा प्रखंड अध्यक्ष अशोक गुप्ता, महामंत्री मधुरेंद्र गोस्वामी, निरसा प्रखंड बीस सूत्री सदस्य वृहस्पति पासवान आदि थे।