हैदर ने भी नहीं बताया प्रिंस के ठिकाने का राज, प्रिंस के कहने पर हत्या की बात कबूली
नन्हे अंसारी हत्याकांड के सूटर हैदर अली से भी बैंक मोड़ पुलिस प्रिंस के ठिकानों का राज नहीं कबूल करवा पाई। हां यह बात अलग है की हैदर ने प्रिंस के कहने पर गोली मारने की बात पुलिस रिमांड में कबूल कर ली है।
जागरण संवाददाता, धनबाद: नन्हे अंसारी हत्याकांड के सूटर हैदर अली से भी बैंक मोड़ पुलिस प्रिंस के ठिकानों का राज नहीं कबूल करवा पाई। हां यह बात अलग है की हैदर ने प्रिंस के कहने पर गोली मारने की बात पुलिस रिमांड में कबूल कर ली है। 2 दिन पूर्व हैदर को बैंक मोड़ पुलिस ने रिमांड पर लिया था। पूछताछ के बाद आज उसे वापस भेजने की तैयारी की जा रही है। बैंक मोड़ थाना प्रभारी रणधीर सिंह ने बताया कि हैदर में पूछताछ में हत्या की प्लानिंग से लेकर हत्या करने तक और उसके बाद कहां-कहां वह भागकर छुपा इन सारी बातों को उसने विस्तार से पुलिस रिमांड में बता दिया है।
हालांकि प्रिंस कहां है इसकी जानकारी हैदर ने नहीं दी। इस मामले में हैदर का कहना था कि कुछ दिनों तक पुलिस उसके साथ था मगर बाद में हुआ कहीं और चला गया यह बात किसी को भी नहीं पता है। गौरतलब हो कि इस हत्याकांड में सूटर की भूमिका निभाने वाले अनवर और डिक्की को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। हैदर ने भी सरेंडर कर दिया है। पुलिस अब प्रिंस खान और उसके भाइयों की तलाश में जुटी है।
सरेआम कर दी गई थी हत्या: 24 नवंबर की शाम 3:30 बजे के करीब वासेपुर अलीनगर में नन्हे अंसारी की हत्या सरेआम कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की थी वहीं कई लोगों को अज्ञात में रखा था। हत्या के बाद प्रिंस खान ने एक वीडियो जारी कर इस हत्या की जिम्मेवारी ली थी। वीडियो आने के बाद पुलिस हरकत में आई और वासेपुर में ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी थी। कई लोगों को इस मामले में हिरासत में लिया गया था वहीं कई को पुलिस ने जेल भी भेजा। इस मामले में एसएसपी संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस अभी भी प्रिंस व उसके भाइयों की तलाश कर रही है। जल्द उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।