Jharkhand Assembly Election 2019 : कभी उद्योग हब रहे निरसा में एक-एक कर बंद हो गए कल कारखाने : हेमंत
पूर्व सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि कभी निरसा उद्योगों का हब हुआ करता था। लेकिन भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण एक-एक कर कई कल-कारखाने बंद हो गए।
धनबाद, जेएनएन। Hemant Soren Rally in Nirsa कभी निरसा उद्योगों का हब के रूप में जाना जाता था, लेकिन भाजपा सरकार की गलत नीतियों व स्थानीय जनप्रतिनिधियों की लापरवाही के कारण निरसा में एक-एक कर कई उद्योग बंद हो गए। उक्त बाते पूर्व मुख्यमंत्री व झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने कुमारधुबी के केएफएस स्टेडियम में मंगलवार को चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा। इस दौरान हेमंत ने भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार पर जोरदार प्रहार किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से देश का हर वर्ग पीड़ित है। चाहे वह मामूली क्लर्क हो या कोई बड़ा व्यवसायी। राज्य की रघुवर सरकार नें पिछले पांच वर्षों में अंग्रेजों की तरह हुकूमत किया। कोई संवैधानिक तरीके से भी आवाज उठाने का प्रयास किया तो उसे कुचल दिया गया। सरकार के विरोध में आवाज उठाने वाले पारा शिक्षक या फिर आंगनबाड़ी सेविकाओं पर लाठियां बरसाई। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार में एक इंजन फेल हो गया है। ऐसी सरकार को अब झारखंड की जनता कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।
लाल झंडे ने निरसा में 39 वर्षों तक किया शासन : हेमंत सोरेन ने कहा कि निरसा में लाल झंडे का 39 वर्षों तक शासन रहा है। उसके शासन काल में निरसा में एक के बाद एक कई सारे कल कारखाने बंद हो गए। जब चुनाव आता है तो निरसा के विधायक उसे खुलवाने के नाम पर राजनीति करते रहे है, परंतु आज तक उन्होंने कभी बंद कल-कारखाने को खुलवाने के लिए विधानसभा में आवाज नहीं उठाया।
दो चरणों के चुनाव में झामुमो को स्पष्ट बढ़त : नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राज्य में पिछले दो चरण के चुनाव से स्पष्ट हो गया है कि अगली सरकार झामुमो की होगी। उन्होंने लोगों से झामुमो प्रत्यासी अशोक मंडल के पक्ष में मतदान करने की अपील की। साथ ही कहा कि अगर हमारी सरकार बनी तो निरसा के बंद कारखानों को खुलवाने में झामुमो कोई कसर नहीं छोड़ेगा।
महिलाओं पर हो रहे अत्याचार पर केंद्र सरकार मौन : हेमंत सोरेन ने मोदी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार एक ओर नागरिकता संसोधन बिल लाने का प्रयास कर रही है, लेकिन देश में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के आरोपियों को फांसी देने पर कोई चर्चा नहीं कर रही है। साथ ही एक-एक कर सभी सरकारी संस्थानों को बंद कर उसे पूंजीपतियों के हाथों में बेचने का काम कर रही है। चाहे वह कोल इंडिया हो या फिर रेल।
लोगों की थाली से चावल भी हो जाएगा गायब : प्याज के बढ़ते दाम को लेकर नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि देश में गरीब व मध्यम वर्ग के लोगों का जीना दुभर हो गया है। पहले लोगों की थाली से दाल गायब हो गई और अब प्याज नसीब नहीं हो रहा है। मोदी सरकार की नीतियों के कारण अगले कुछ दिनों में लोगों की थाली से चावल भी गायब हो जाएगा। केंद्र सरकार के कारण देश की अर्थव्यवस्था चरमर्रा गई है।