Giridih Road Accident: जीटी रोड पर ट्रक की चपेट में आने से दो गोतनी की माैत, उग्र भीड़ ने खलासी को पीटा
Giridih Road Accident सुरेश कुमार बाइक चला रहा था। उसने बाइक पर अपनी सास और उसकी गोतनी को बिठा रखा था। रांगामाटी के पास ट्रक ने बाइक को चपेट में ले लिया।
गिरिडीह, जेएनएन। Giridih Road Accident राष्ट्रीय राजमार्ग-2 (GT Road) पर रांगामाटी के पास शनिवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे एक ट्रक की चपेट में आने से बाइक पर सवार दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को लोगों के सहयोग से 108 एंबुलेंस से डुमरी रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीएमसीएच धनबाद रेफर कर दिया गया। हादसे में डुमरी थाना क्षेत्र के टोला पैकाटांड़ निवासी स्व. महेश महतो की 35 वर्षीय पत्नी उर्मिला देवी एवं स्व. प्रकाश महतो की 32 वर्षीय पत्नी प्यासी देवी की मौत हुई है, जबकि घायल युवक तोपचांची प्रखंड के गणेशपुर निवासी केदार महतो का 28 वर्षीय पुत्र सुरेश कुमार महतो है। दोनों महिलाएं सगी गोतनी थी जबकि घायल युवक उनका दामाद है।
घटना के विरोध में जीटी रोड जाम
तीनों बाइक से कुलगो के टोला पैकाटांड़ से निमियाघाट जा रहे थे। इसी बीच रांगामाटी टर्निंग प्वाइंट पर बने ब्रेकर पार करने के दौरान पीछे से आ रहे 10 चक्का ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। बाइक ट्रक में फंस गई, जिससे दोनों महिलाओं की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। घटना के बाद उक्त स्थान पर स्थानीय लोगों ने मुआवजा को लेकर सड़क जाम कर दिया। जाम के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई। जानकारी मिलने पर निमियांघाट पुलिस घटना स्थल पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराई। महिलाओं के शव को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।
ग्रामीणों ने खलासी को पीटा
लोगों ने खलासी की जमकर धुनाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने भीड़ से छुड़ाकर उसका डुमरी रेफरल अस्पताल में इलाज कराया। पुलिस ने ट्रक को भी अपने कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक भागने में सफल रहा। घटना के बाद मृत महिलाओं के गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। घटना की जानकारी होते ही डुमरी प्रमुख यशोदा देवी एवं भाजपा नेता सुरेन्द्र साहू ने मृत महिलाओं के परिजनों को ढाढ़स बंधाते हुए उचित मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया।