गठबंधन की राजनीति में अजब-गजब... भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री रामप्रसाद बने आजसू सांसद के प्रतिनिधि Dhanbad News
गिरिडीह के सांसद चंद्रप्रकाश चाैधरी आजसू की राजनीति करते हैं। उन्होंने 20219 का लोकसभा चुनाव आजसू-भाजपा गठबंधन के प्रत्याशी के ताैर पर जीता था। सांसद प्रतिनिधि बनाए जाने पर पार्टी के नेताओं की आपत्ति को रामप्रसाद खारिज करते हैं।
धनबाद, जेएनएन। भाजपा के धबाद जिला महामंत्री रहे राम प्रसाद महतो गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी के प्रतिनिधि बनाए गए हैं। वह धनबाद जिला में चंद्रप्रकाश के कामकाज देखेंगे। चंद्र प्रकाश चौधरी ने रामप्रसाद को मनोनयन का पत्र भेज दिया है। दरअसल धनबाद जिला का बाघमारा और टुंडी विधानसभा क्षेत्र गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र के तहत आता है। हालांकि रामप्रसाद के सांसद प्रतिनिधि बनने से पार्टी में विवाद भी उत्पन्न हो गया है। कुछ ने इस पर आपत्ति जताई है कि भाजपा का नेता दूसरी पार्टी के नेता का प्रतिनिधि कैसे हो सकता है। उसे या तो सांसद प्रतिनिधि का पद छोड़ना होगा या पार्टी छोड़नी होगी।
गिरिडीह के सांसद चंद्रप्रकाश चाैधरी आजसू की राजनीति करते हैं। उन्होंने 2019 का लोकसभा चुनाव आजसू-भाजपा गठबंधन के प्रत्याशी के ताैर पर जीता था। सांसद प्रतिनिधि बनाए जाने पर पार्टी के नेताओं की आपत्ति को रामप्रसाद खारिज करते हैं। उनका कहना है कि चंद्र प्रकाश चौधरी भले आजसू के नेता हो लेकिन वह भाजपा के समर्थन से चुनाव लड़े थे। आजसू राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में शामिल है। इसीलिए एक ही गठबंधन में दूसरी पार्टी के नेता को प्रतिनिधि बनाया जा सकता है। पहले भी ऐसा हो चुका है। बता दें कि महतो इससे पूर्व तकरीबन 10 वर्षों तक गिरिडीह के सांसद रवींद्र पांडेय के धनबाद जिला प्रतिनिधि रह चुके हैं।