Move to Jagran APP

निगम के बाद अब पेयजल विभाग में उतारा गया 'कुर्सी का भूत'

धनबाद नगर निगम कार्यालय से भी भूत भगाने के लिए रूद्राभिषेक का आयोजन किया गया था।

By JagranEdited By: Published: Mon, 03 Sep 2018 05:18 PM (IST)Updated: Mon, 03 Sep 2018 06:15 PM (IST)
निगम के बाद अब पेयजल विभाग में उतारा गया 'कुर्सी का भूत'
निगम के बाद अब पेयजल विभाग में उतारा गया 'कुर्सी का भूत'

जागरण संवाददाता, धनबाद : झारखंड में ट्रांसफर-पोस्टिंग इतनी जल्दी-जल्दी हो रही है कि अधिकारियों को कुर्सी में ही भूत दिखने लगा है। वह कुर्सी पर बैठने से पहले भूत भगा रहे हैं। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग धनबाद प्रमंडल-दो कार्यालय में सोमवार को भूत भगाया गया। कार्यालय में भगवान सत्यनारायण की विधि-विधान से पूजा-पाठ हुई। इसके बाद कार्यपालक अभियंता संजय कुमार कुर्सी पर बैठे।

loksabha election banner

रांची मुख्यालय से एक सितंबर को स्थानांतरित होकर संजय कुमार शर्मा कार्यपालक अभियंता बनकर पहुंचे हैं। राची से पहले उनकी पोस्टिंग डेढ़ साल पूर्व चास में थी। वहा से सस्पेंड होकर राची मुख्यालय में पदस्थापित चल रहे थे। 1 सितंबर को इन्होंने धनबाद स्थित पेयजल विभाग प्रमंडल 2 कार्यालय में बतौर कार्यपालक अभियंता का पदभार संभाला लेकिन कुर्सी पर नहीं बैठे। यहां किसी तरह का व्यवधान उत्पन्न न हो इसे देखते हुए सत्यनारायण भगवान की पूजा कराई। हाल के वर्षो में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग धनबाद प्रमंडल-दो में कार्यपालक अभियंता जल्दी-जल्दी आते और जाते रहते हैं। कोई भी अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर सका। भादो महीने में नया कार्य नहीं करने की परंपरा रही है। इस कारण भी कार्यपालक अभियंता डरे हुए हैं। दोष निवारण के लिए कुर्सी पर बैठने से पहले अनुष्ठान करवा लेना मुनासिब समझा। सत्यनारायण पाठ के दौरान कार्यालय के अभियंता और कर्मचारी उपस्थित थे। अंत में सब प्रसाद लेकर अपने-अपने घर गए। कार्यपालक अभियंता परिवार के साथ अनुष्ठान में शरीक हुए। इस दौरान प्रेस फोटोग्राफरों ने फोटो लेने की कोशिश की तो वह मुंह छिपाते नजर आए। इस बाबत कार्यपालक अभियंता से बात करने की कोशिश की गई लेकिन सफलता नहीं मिली। सहायक अभियंता जेपी सिंह ने कहा कि भूत भगाने जैसी कोई बात नहीं है। भादो महीना होने के कारण कार्यालय में पूजा-पाठ कराई गई। धनबाद नगर निगम में भी उतारा गया था भूत: इससे पहले धनबाद नगर निगम में भी भूत उतारा गया था। यहां भी अधिकारी टिक नहीं पाते हैं। निगम के गलियारों में कथित रूप से भूत घूमते देखा गया है। इसे भगाने के लिए बीते माह रूद्राभिषेक कराया गया था। इसमें नगर आयुक्त और वार्ड पार्षदों में शिरकत की थी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.